भरतपुर, (कौशलेन्द्र दत्तात्रेय) जिला कलक्टर कमर चौधरी गुरूवार को रुपवास उपखण्ड दौरे पर रहे, जहॉं उन्होेंने उप जिला चिकित्सालय, राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय एवं समाज कल्याण छात्रावास का आकस्मिक निरीक्षण किया। उपखण्ड स्तरीय जनसुनवाई में भाग लेकर आम लोगों के परिवाद सुने तथा सम्बन्धित विभागों से जानकारी लेकर समस्याओं का मौके पर निराकरण करवाया।
रोगियों को मिले समय पर बेहतर उपचार-
जिला कलक्टर के उप जिला चिकित्सालय के निरीक्षण के समय ओपीड़ी एवं निशुल्क दवा वितरण केन्द्र पर रोगियों की लम्बी लाईन देख कर मौसम परिवर्तन को देखते हुए कॉउन्टरोें पर अतिरिक्त स्टॉफ रखने के निर्देश दिये। उन्होंने सहकारी उपभोक्ता भण्डार के दवा केन्द्र का निरीक्षण कर दवाईओं की उपलब्धता एवं रख-रखाव के बारे में जानकारी ली। उन्होंने अस्पताल में ओपीड़ी चिकित्सकों के द्वारा मरीजों के देखते समय लाईन लगाने तथा अनावश्यक भीड़ जमा नहीं होने देने के निर्देश दिये।
उन्होंने अस्पताल के निशुल्क जांच कक्ष, एक्स कक्ष सहित विभिन्न वार्डों का निरीक्षण कर अस्पताल प्रशासन द्वारा दी जा रही सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने महिला वार्ड में भर्ती राजपुरा निवासी रज्जो, खानसुरजापुर निवासी ख्यालीराम से मिलकर कुशलक्षेम जानी तथा अस्पताल प्रशासन द्वारा इलाज के समय दी जा रही सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि अस्पताल में नियमित रूप से साफ-सफाई एवं निशुल्क दवा व ओपीड़ी पंजीयन कॉउन्टरों पर भीड़ जमा नहीं होने दें। प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. लाखन सिंह ने बताया कि स्टॉफ का अभाव है केवल 7 डॉक्टर कार्यरत है। उन्होंने बताया कि औसतन 300 से अधिक ओपीड़ी रहती है, दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता है।
जिला कलक्टर ने राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय का निरीक्षण कर विद्यार्थियों के शैक्षणिक स्तर को परखा, कक्षा 9 से 12 तक के विद्यार्थियों के लिए अतिरिक्त कक्षायें आयोजित कर गणित, अंग्रेजी एवं विज्ञान विषय पर जोर देने के निर्देश दिये। निरीक्षण के समय उपप्रधानाचार्य सत्यप्रकाश सहित 14 कार्मिक उपस्थित मिले, शेष कार्मिक प्रतियोगी परीक्षाओं में ड्यूटी होना बताया। उन्होंने प्राईमरी स्कूल में मिड-डे मील का निरीक्षण कर नियमित रूप से गुणवत्तायुक्त पोषाहार वितरण करने के निर्देश दिये। उन्होंने 40 विद्यार्थियों के लिए संचालित समाज कल्याण छात्रावास का निरीक्षण किया तथा कमरों में जाकर निवासरत बच्चों से शैक्षणिक स्तर, भोजन, आवश्यक सुविधाओं, खेल सामग्री के बारे में जानकारी ली। बच्चें ने सभी व्यवस्थाओं को अच्छा बताते हुए नियमित खेल सामग्री भी उपलब्ध कराने की बात कही। जिला कलक्टर ने बच्चों के साथ बैंडमिंटन व क्रिकेट खेल कर प्रोत्साहित किया तथा गणित, विज्ञान व अंग्रेजी विषय का डर मन नहीं लाने का आव्हान किया।
जनसुनवाई में 21 परिवाद-
पंचायत समिति के राजीव गांधी सेवा केन्द्र में आयोजित जनसुनवाई में जिला कलक्टर ने 21 परिवाद सुनकर सम्बन्धित विभागों से मौके पर ही जानकारी लेकर समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिये। उन्होंने रुपवास में श्मशान भूमि पर स्ट्रीट लाईट ठीक करवाने तथा नगर पालिका को चारदीवारी का प्रस्ताव लेने के निर्देश दिये। उन्होंने सरकारी भूमि पर अतिक्रमण के मामले को गम्भीरता से लेते हुए नगर पालिका ईओ व तहसीलदार को 7 दिवस में जांच कर रिपोर्ट करने के निर्देश दिए। उन्होंने चैंकोरा गांव में पानी भराव एवं आम रास्तों में अतिक्रमण के मामलों को पंचायत समिति को शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिये। इस अवसर पर उपखण्ड़ अधिकारी विष्णु बंसल, विकास अधिकारी काजल शर्मा, नगर पालिका ईओ योगश पिप्पल, तहसीलदार अमित शर्मा सहित सभी उपखण्ड़ स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।