छत के पंखें की कैप में छुपाए जेवर हुए चोरी: पुलिस को दी रिपोर्ट ,कुछ दिन पूर्व कराया था मकान मे पेंट
अलवर (अनिल गुप्ता)
अलवर के शिवाजी पार्क थाना क्षेत्र के विजय नगर में रहने वाले ज्योतिषाचार्य विनय कुमार यादव ने बताया कि उनके घर में छत के पंखें में 8 साल से सोने के जेवर पोटली में बांध कर छुपाए हुए थे। बीच-बीच में जरूरत के अनुसार निकाल लेते थे। अब 3 सितंबर से 9 सितंबर के बीच में घर में पेंट कराया है। पेंट का काम 9 सितंबर को पूरा हो गया। उसके अगले दिन 10 सितंबर को घर का सामान वापस लगाते समय जेवर देखने के लिए पंखे की कैप को हटाया तो पोटली ही गायब मिली। यह देखकर पूरा परिवार चकरा गया। पूरा घर देखा लेकिन कहीं जेवर नहीं मिले। यही नहीं पेंट करने आए मजदूरों से पूछा तो उन्होंने साफ मना कर दिया। इसके बाद 10 सितंबर को ही पुलिस को शिकायत दी। लेकिन अब तक पुलिस भी कोई सुराग नहीं ढूंढ़ सकी है। शक के आधार पर मजदूरों से पूछताछ भी की है।