बाल कला संगम थाना राजाजी के तत्वाधान में श्री राम लीला मंचन प्रारम्भ
राजगढ़ (अलवर/ अनिल गुप्ता) राजगढ़ पंचायत समिति क्षेत्र के ग्राम थाना राजाजी में चल रही श्रीरामलीला के प्रथम दिवस नारद मोह का मंचन किया गया जिसमें नारद के रूप में दीपचंद सेन , इंद्र के रूप में पुनीत कश्यप, कामदेव सुरेंद्र चौधरी, विष्णु अनिल शर्मा व कालादेव के रूप में पुष्पेंद्र सैनी ने अभिनय किया
सुरेन्द्र चौधरी ने बताया की इस मंच के माध्यम से 4 अक्टूबर को महादानी राजा मोरध्वज मंचन और 7 अक्टूबर को महाराजा भर्तृहरि नाटक का आयोजन किया जाएगा । इस साल संगम को चालीस वर्ष पूर्ण हो गए हैं इस संस्था की खूबी है कि रामलीला या नाटक में खुद कलाकारों की गायकी रहती है जिससे मंचन में चार चांद लग जाते हैं दूसरा ये संगम हर वर्ष रामलीला और भर्तृहरि नाटक के साथ कुछ नए नए नाटकों का मंचन करती है।
पूर्व में लव कुश , अमर सिंह राठौड़, भक्त प्रहलाद , सत्वादी राजा हरिश्चंद्र सहित कई मंचन कर चुकी हैं और अबकी बार नया नाटक राजा मोरध्वज के रूप में लेकर आए हैं जिसकी पटकथा और संवाद संगम के वरिष्ठ कलाकार और सचिव सुरेंद्र चौधरी ने लिखे हैं और जिसकी तैयारी और रिहर्सल पिछले 3 माह से लगातार संगम के सभी कलाकार कर रहे हैं। इस नाटक में पांडव कौरवों के युद्ध के बाद अर्जुन को अपने आप पर घमंड हो गया तब श्री कृष्ण ने अपने भक्त अपने शखा अर्जुन का किस प्रकार से घमंड दूर किया ये इस नाटक में दिखाया जाएगा ।
संगम के सचिव चौधरी ने बताया कि आगे भी ऐसे महापुरुषों की जीवनी पर नए नए नाटक के मंचन इसी मंच के माध्यम से दिखाने का प्रयास रहेगा, आज की भाग दौड़ जिंदगी और मोबाइल व नेट के जमाने में ऐसी हाथरसी शैली और राधेश्याम शैली में गायकी को जीवित रखने का कार्य इस संगम द्वारा किया जा रहा है।
अलवर जिले में कुछ ही ऐसे संगम है जो रामलीला के साथ साथ ऐसे अच्छे अच्छे ज्ञानवर्धक, आध्यात्मिक, सांस्कृतिक, मनोरंजक, ऐतिहासिक और सामाजिक मंचन दिखाए जाते हैं। इस नाटक में राजा मोरध्वज के अभिनय में महेश चंद शर्मा , अर्जुन के रूप में सुरेंद्र चौधरी, कृष्ण के रूप में पुनीत कश्यप , पद्मावती के रूप में मुंशी सुग्यान सिंह , श्रीधर के रूप में हेतराम जांगिड़ और रतन कुंवर के रूप में संदीप गुप्ता अपने अभिनय का जलवा बिखरेंगे ।