निफा ने किया सम्मानित: समाजसेवी निष्ठा नारंग को मिला, स्टेट लेवल चैंपियनशिप ऑफ चेंज अवार्ड
नारायणपुर (भारत कुमार शर्मा) नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित निफा के रजत जयंती समारोह में अलवर निवासी युवा समाजसेवी निष्ठा नारंग को स्टेट लेवल चैंपियनशिप ऑफ चेंज अवार्ड से सम्मानित किया गया। इस वर्ष पूरे राजस्थान से यह पुरस्कार महिला वर्ग में केवल निष्ठा नारंग को ही प्राप्त हुआ, जो अपने आप में गर्व का विषय है। सम्मान स्वरूप उन्हें स्मृति चिह्न के साथ 10,000 रुपए की नकद राशि भी प्रदान की गयी। निष्ठा नारंग लंबे समय से युवाओं और समाज के बीच सकारात्मक बदलाव लाने के लिए कार्यरत हैं। उनके अभियानों में पर्यावरण संरक्षण, वृक्षारोपण, स्वच्छता अभियान, नशा मुक्ति जागरूकता, शिक्षा और कौशल विकास प्रमुख हैं। इन प्रयासों से उन्होंने युवाओं को नई दिशा देने और समाज में जागरूकता फैलाने में अहम भूमिका निभाई है। राज्य स्तरीय पुरस्कार समारोह में देशभर से चयनित युवाओं को आमंत्रित किया गया और मंच पर राष्ट्रीय स्तर की विशिष्ट हस्तियाँ मौजूद रहीं। सम्मान पाकर निष्ठा नारंग ने कहा कि यह सम्मान मेरे लिए गर्व और प्रेरणा दोनों है। पूरे राजस्थान से महिला वर्ग में अकेली चयनित होना मेरे लिए समाजसेवा की जिम्मेदारी को और बढ़ाता है। मैं आगे भी युवाओं और समाज के लिए निरंतर काम करती रहूंगी। यह उपलब्धि न केवल निष्ठा नारंग के व्यक्तिगत प्रयासों की पहचान है, बल्कि पूरे राजस्थान की महिलाओं और युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है। निष्ठा नारंग को स्टेट लेवल चैंपियनशिप ऑफ चेंज अवार्ड मिलने पर श्री कृष्णा शिक्षा एवं ग्रामीण विकास समिति सचिव सुनील कुमार शर्मा ने फोन के द्वारा शुभकामनाएं देकर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना कर कहा कि महिलाएं वर्तमान में अबला नहीं सबला है। यदि व्यक्ति के अंदर जोश, जुनून और जज्बा हो तो वह अपने सभी लक्ष्यों को हासिल कर सकता है इसी का परिणाम है की निष्ठा नारंग ने अवार्ड प्राप्त कर क्षेत्र में नाम रोशन किया है। इससे और भी महिला वर्ग प्रेरणा लेकर अपना मार्ग प्रशस्त करने में कामयाब होगी।

