जमाखोरी और कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ करें कार्यवाही - जिला कलक्टर
जिला स्तरीय फर्टिलाइजर डिस्ट्रीब्यूशन रेगुलेटरी टास्क फोर्स की बैठक आयोजित
भरतपुर, (कौशलेन्द्र दत्तात्रेय) जिला कलक्टर कमर चौधरी की अध्यक्षता में जिला स्तरीय फर्टिलाइजर डिस्ट्रीब्यूशन रेगुलेटरी टास्क फोर्स की बैठक कलेक्ट्रेट सभागार आयोजित की गई। इस बैठक का मुख्य उद्देश्य जिले में उर्वरकों की सुचारु उपलब्धता सुनिश्चित करना, उनकी जमाखोरी और कालाबाजारी पर प्रभावी अंकुश लगाना तथा किसानों को समय पर उर्वरक उपलब्ध कराना था।
जिला कलक्टर ने बैठक की शुरुआत में उर्वरकों की उपलब्धता और वितरण प्रणाली की वर्तमान स्थिति पर विस्तृत चर्चा की। उन्होंने जोर देकर कहा कि किसानों को उनकी जरूरत के अनुसार उर्वरक समय पर और उचित मूल्य पर उपलब्ध कराना सरकार की सर्वाेच्च प्राथमिकता है। इस दिशा में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि उर्वरकों की आपूर्ति श्रृंखला को पारदर्शी और प्रभावी बनाया जाए ताकि किसानों को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
उन्होंने उर्वरकों की मांग और आपूर्ति के आंकड़ों की समीक्षा की गई। जिला कृषि विभाग के अधिकारियों ने जिले में सरसों और गेहंू रबी फसलों के लिए उर्वरकों की मांग के सदंर्भ में जानकारी दी। उन्होंने निर्देश दिए कि जिन स्थानों पर खाद की ज्यादा मांग है, उनको प्राथमिकता देते हुए खाद उपलब्ध करवाकर वितरित की जाए। साथ ही खाद वितरण की जानकारी कृषि विभाग को उपलब्ध कराई जाए। किसानों को समय पर खाद मिले, इसके लिए कृषि विभाग आपूर्ति करने वाली एजेंसी से समन्वय रखें।
जिला कलक्टर से कहा कि उर्वरकों जमाखोरी कालाबाजारी पर अकुंश लगाने एवं उर्वरकों की आपूर्ति के लिए ग्राम विकास अधिकारी, सरपंच एवं जनप्रतिनिधियों का सहयोग लिया जाऐ। उन्होंने कहा कि पुलिस प्रशासन के सहयोग से जिले के सीमावर्ती क्षेत्रों में उर्वरकों की जमाखोरी, कालाबाजारी रोकने के लिए विशेष अभियान चलाये। उर्वरक वितरण केंद्रों पर नियमित निगरानी और औचक निरीक्षण करे। उन्होंने उर्वरक वितरण एजेंसियों के प्रतिनिधियों को कहा कि जिले में उर्वरकों की मांग अनुसार आवंटन, पारदर्शिता से कार्य करे एवं अपने स्टॉक और बिक्री का रिकॉर्ड नियमित रूप से कृषि एवं जिला प्रशासन को उपलब्ध करवायें।
उन्होंने कृषि अधिकारियों को निर्देश दिये कि खाद की आपूर्ति व वितरण पर नजर रखें और आवश्यकता का आंकलन कर समय पूर्व ही मांग भिजवाई जाए, ताकि समय पर किसानों को खाद उपलब्ध कराई जा सके। इस दौरान में सीईओ मृदुल सिंह, सीओ सिटी पंकज यादव, अतिरिक्त निदेशक कृषि देशराज सिंह, संयुक्त निदेशक कृषि सुरेशचंद गुप्ता, उपनिदेशक उद्यान जनकराज मीणा सहित अन्य विभिन्न विभागों के अधिकारियों, उर्वरक वितरण एजेंसियों के प्रतिनिधियों और मौजूद रहे।