अवैध अतिक्रमणों को ध्वस्त कर सौ बीघा जमीन मुक्त कराई
अलवर (अनिल गुप्ता)
अलवर जिले के चांदोली गांव के पहाड़ों के बीच करीब 100 बीघा जमीन से आज सुबह अवैध अतिक्रमणों को ध्वस्त कर दिया गया। प्रशासन ने जमीन पर की गई चारदीवारी, होटलनुमा निर्माण, फार्म हाउस की चारदीवारी को 5 जेसीबी की मदद से मिट्टी में मिलवा दिया। इस दौरान एसडीएम, तहसीलदार, पटवारी समेत पुलिस के 40 जवान मौजूद रहे।
ग्रामीणों ने बताया कि अलवर के विजय मंदिर थाना क्षेत्र के चांदोली गांव में यूपी निवासी बिलाल अली ने यहां करीब 30 बीघा जमीन खरीदी थी। उसने खरीदी हुई जमीन की आड़ में कई किसानों की जमीन पर कब्जा कर लिया। उसने यहां करीब 100 बीघा जमीन पर बड़ा फार्म हाउस बना लिया और उसकी चारदीवारी कर दी गई।
ग्रामीणों ने बताया कि बिलाल अली ने बीच सड़क और उसके आसपास फार्म हाउस बना लिए और उनकी चार दीवारी तक कर दी थी। एक बड़ा होटलनुमा निर्माण भी कर लिया। जिसको लेकर प्रशासन से 8 महीने से लगातार शिकायत कर रहे थे।
ग्रामीणों ने बताया कि पूर्व के अधिकारी टालमटोल रवैया अपनाते रहे वहीं उपखंड अधिकारी सहित अन्य अधिकारियों ने मामले को गंभीरता से लिया। आज सुबह कई थानों के पुलिस जाप्ते के साथ प्रशासन यहां पहुंचा और अतिक्रमणों पर बुलडोजर चलवा दिया, वहीं बिलाल अली की ओर से खुद की जमीन पर बनाए गए कॉमर्शियल निर्माणों को भी ध्वस्त कर दिया।