मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण 2026 की तैयारियाँ प्रारम्भ
भरतपुर, (कौशलेन्द्र दत्तात्रेय) राजस्थान निर्वाचन विभाग के निर्देशानुसार आगामी समय में मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण 2026 का कार्य प्रारम्भ किया जाएगा। इस संबंध में जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलक्टर कमर उल जमान चौधरी ने बताया कि पुनरीक्षण कार्यक्रम के जारी होते ही प्रभावी संचार एवं आमजन की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।
मतदाता सूची से संबंधित किसी भी समस्या के समाधान हेतु जिला निर्वाचन अधिकारी , उप जिला निर्वाचन अधिकारी, निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं तहसीलदार की सूची जिला की वेबसाइट पर उपलब्ध कराई गई है। साथ ही, बीएलओ एवं सुपरवाइजरों के फोन नंबरों की सूची भी वेबसाइट एवं जिला निर्वाचन अधिकारी के आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर देखी जा सकती है।
उन्होंने बताया कि उक्त सूची सभी निर्वाचित जनप्रतिनिधियों जैसे सांसद, विधायक, पंचायती राज संस्थाओं के निर्वाचित सदस्य एवं स्थानीय निकायों के जनप्रतिनिधियों को भी उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि आमजन को जानकारी प्राप्त करने में कोई कठिनाई न हो।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने नागरिकों से अपील की है कि वे मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण 2026 में सक्रिय सहयोग प्रदान करें और सुनिश्चित करें कि पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में सही रूप से दर्ज हों।


