शतायु मतदाताओं का सम्मान, लोकतंत्र के पर्व में भागीदारी निभाने का आह्वान
भरतपुर, (कौशलेन्द्र दत्तात्रेय) निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देश एवं अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर जिला निर्वाचन विभाग भरतपुर द्वारा स्वीप कार्यक्रम के अंतर्गत शतायु मतदाताओं को सम्मानित किया गया। कलक्टर कक्ष में आयोजित कार्यक्रम में जिला निर्वाचन अधिकारी कमर चौधरी ने बुद्ध की हाट निवासी 101 वर्षीय शतायु मतदाता गुम्भन सिंह को शॉल उडाकर एवं प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर स्वीप नोडल अधिकारी एवं सीईओ मृदुल सिंह, उप जिला निर्वाचन अधिकारी घनश्याम शर्मा तथा अतिरिक्त कलक्टर शहर राहुल सैनी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी कमर चौधरी ने बताया कि जिन शतायु मतदाताओं ने पूर्व में होने वाले चुनावों में अपने मताधिकार का उपयोग किया है, उन्हें विशेष रूप से सम्मानित किया जा रहा है। भरतपुर जिले में कुल 202 शतायु मतदाता पंजीकृत हैं, जिनमें भरतपुर विधानसभा क्षेत्र में 10, नदबई में 71, वैर में 55 तथा बयाना में 66 मतदाता शामिल हैं। उपखंड स्तर पर भी इन शतायु मतदाताओं को सम्मानित किया जाएगा। इस अवसर पर जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि लोकतंत्र का मुख्य आधार मतदाता है और प्रत्येक मतदाता को अपने मताधिकार का प्रयोग अवश्य करना चाहिए। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक मतदान करने और दूसरों को भी प्रेरित करने की अपील की। उन्होंने यह भी बताया कि स्वीप गतिविधियों के तहत जिले में निरंतर मतदाता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं तथा समय-समय पर मतदाता सूची के अद्यतन हेतु अभियान चलाए जाते हैं। समारोह के दौरान मतदाताओं को मतदान के महत्व पर मुख्य संदेश देने के साथ ही लोकतंत्र को सशक्त बनाने की शपथ भी दिलाई गई। इस अवसर पर तहसीलदार निर्वाचन ताराचन्द सैनी, स्वीप कॉर्डिनेटर ओमप्रकाश खूंटैला, अतिरिक्त प्रशासनिक अधिकारी हेमन्त शर्मा, गौरव, देशराज, राहुल, विपुल एवं मीडियाकर्मी सहित युवा एवं अनेक मतदाता उपस्थित रहे।
सम्मान समारोह की श्रृंखला में भरतपुर विधानसभा क्षेत्र के श्रीपत, बिहारीदास, रामकली शतायु मतदाताओं को उप जिला निर्वाचन अधिकारी घनश्याम शर्मा, भरतपुर उपखंड अधिकारी भारती गुप्ता द्वारा उनके घर पहुंच कर प्रशस्ति पत्र एवं माला पहनाकर सम्मानित किया।


