भिवाड़ी में महिला थाने के कांस्टेबल की पिटाई सीसीटीवी फुटेज वायरल
अलवर (अनिल गुप्ता) अलवर के समीप भिवाड़ी के अरावली विहार सेक्टर-15 में बीती देर रात का मामला सामने आया। जहां एक वैन में सवार होकर आए 8 से 10 बदमाशों ने महिला थाने में तैनात कांस्टेबल दरब सिंह पर हमला कर दिया।जानकारी के अनुसार, बदमाश सेक्टर के मेन गेट पर आकर हंगामा व बदमाशी करने लगे। शोर-शराबा सुनकर वहां महिलाओं व युवकों की भीड़ जमा हो गई। इसी दौरान उसी सेक्टर में रहने वाले कांस्टेबल दरब सिंह मौके पर पहुंचे और बदमाशों को समझाने की कोशिश की। कहा-सुनी बढ़ने पर सभी बदमाशों ने एकजुट होकर कांस्टेबल पर हमला कर दिया और बुरी तरह मारपीट की, जिससे वह घायल हो गया। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। जिसमें बदमाशों द्वारा कांस्टेबल को पीटते हुए साफ देखा जा सकता है। मामले को लेकर समिति के लोगों ने मंगलवार को भिवाड़ी थाने में लिखित शिकायत दी और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्यवाही की मांग की है।