गोविंदगढ़ मंडी में पांच दुकानों के ताले टूटेः चोरों ने नगदी, सामान चुराया; घटना सीसीटीवी में दर्ज
अमित कुमार शर्मा | गोविंदगढ़ (अलवर)
गोविंदगढ़ कस्बे की कृषि उपज मंडी में पांच दुकानों के ताले टूटने से व्यापारियों में हड़कंप मच गया। चोरों ने दुकानों से नगदी और सामान चुरा लिया। घटना की सूचना सुबह 7 बजे गोविंदगढ़ पुलिस थाने में दी गई।
सूचना मिलते ही थानाधिकारी बने सिंह मीणा जाप्ते के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटना के सीसीटीवी फुटेज देखे। फुटेज में तीन युवक मुंह पर कपड़ा बांधे हुए लोहे के सरिए से ताले तोड़ते नजर आ रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, यह घटना देर रात करीब 1:30 बजे हुई। तीन युवक मंडी परिसर की दीवार फांदकर अंदर घुसे। उन्होंने बालाजी एंटरप्राइजेज, राकेश कुमार संस, विकास ट्रेडिंग कंपनी, राधेश्याम रामकिशन कमीशन एजेंट और श्रीराम इंडस्ट्रीज की दुकानों को निशाना बनाया। चोरों ने गल्ले और अलमारी के ताले तोड़कर नगदी व अन्य सामान चुराया।
व्यापारी पवन कुमार ने बताया कि जब वे सुबह दुकान पहुंचे तो शटर का ताला टूटा हुआ था। अंदर देखने पर गल्ले और अलमारी के ताले भी टूटे मिले। उन्होंने तुरंत दुकान मालिक और आसपास के लोगों को इसकी सूचना दी।
स्थानीय लोगों ने मंडी में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि मंडी में लगी एकमात्र हाई मास्क लाइट भी खराब है और सुरक्षा के इंतजाम केवल दिखावे के लिए हैं। व्यापारियों ने बताया कि एक साल पहले हुई चोरी का भी अभी तक खुलासा नहीं हो पाया है, जिससे वे अपने प्रतिष्ठानों की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं।
राजेश कर्दम मंडी सचिव का कहना है कि - कृषि उपज मंडी गोविन्दगढ़ में पांच दुकानों के ताले टूटने की सूचना मिली है इस मामले में मंडी चैयरमैन के साथ बैठक कर मंडी की सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएंगे। साथ ही मंडी परिसर में लगी लाइटों को दुरुस्त कराया जाएगा। -


