ग्राम पंचायत लुधावई में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर में ग्रामीणों को मिली योजनाओं की सौगात: संभागीय आयुक्त एवं जिला कलक्टर ने किया निरीक्षण
भरतपुर (कोशलेन्द्र दत्तात्रेय) 16 अक्टूबर। राज्य सरकार के निर्देशानुसार गुरुवार को पंचायत समिति सेवर की ग्राम पंचायत लुधावई में ग्रामीण सेवा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में राज्य सरकार की सभी विभागीय योजनाओं की जानकारी ग्रामीण जनता को उपलब्ध कराई गई तथा पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से लाभान्वित किया गया।
शिविर में संभागीय आयुक्त डॉ. टीना सोनी एवं जिला कलक्टर कमर चौधरी ने पहुंचकर शिविर का निरीक्षण किया। उन्होंने शिविर में उपस्थित विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों से कहा कि राज्य सरकार द्वारा आमजन तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए इन शिविरों का आयोजन किया जा रहा है, अतः प्रत्येक विभाग यह सुनिश्चित करे कि अधिक से अधिक पात्र लाभार्थियों को मौके पर योजनाओं से जोड़ा जाए एवं शिकायतों का त्वरित निस्तारण किया जाए।
निरीक्षण के दौरान संभागीय आयुक्त एवं जिला कलक्टर ने स्वामित्व योजना के अंतर्गत पात्र लाभार्थियों को उनके मकानों के पट्टे वितरित किए। उन्होंने लाभार्थियों से संवाद करते हुए योजनाओं की प्रभावशीलता की जानकारी ली और कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक को अधिकार, स्वामित्व और आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ाना है।
शिविर में शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, राजस्व, महिला एवं बाल विकास, सामाजिक न्याय, विद्युत, जल संसाधन, जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी सहित विभिन्न विभागों द्वारा अपने-अपने स्टॉल लगाए गए। ग्रामीणों को योजनाओं के बारे में जानकारी दी गई तथा मौके पर कई लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया।
सफलता की कहानी - लाभार्थियों की जुबानी-
शिविर में ग्राम लुधावई निवासी निहाल सिंह पुत्र लेखराज, श्यामलाल पुत्र खिरकिया एवं दिनेश पुत्र केशव देव को स्वामित्व योजना के तहत उनके मकानों के पट्टे प्रदान किए गए। लाभार्थियों ने बताया कि उन्होंने ग्राम पंचायत में पट्टे के लिए आवेदन किया था, और आज ग्रामीण सेवा शिविर के माध्यम से उन्हें अपने घर का पट्टा प्राप्त हुआ है।
लाभार्थी निहाल सिंह ने कहा कि अब हमें अपनी भूमि का मालिकाना हक प्राप्त हो गया है। पट्टा मिलने से हमें बैंक से लोन प्राप्त करने में सुविधा होगी, जिससे हम अपना रोजगार शुरू कर सकेंगे और आर्थिक रूप से सशक्त बन पाएंगे।
लाभार्थियों ने राज्य सरकार की स्वामित्व योजना को जनकल्याणकारी बताते हुए कहा कि इससे ग्रामीणों को आत्मनिर्भर बनने का अवसर प्राप्त हो रहा है। उन्होंने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा एवं जिला प्रशासन भरतपुर का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार द्वारा चलाए जा रहे इस अभियान से ग्रामीणों के जीवन में वास्तविक परिवर्तन देखने को मिल रहा है।
शिविर में ब्लॉक विकास अधिकरी विनय मित्र, जिला अध्यक्ष शिवानी दायमा एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे और उन्होंने विभिन्न योजनाओं की जानकारी लेकर आवेदन प्रस्तुत किए। जिला प्रशासन द्वारा शिविर को सफल बनाने में पंचायत स्तर के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।