'केंद्रीय मंत्री के सामने फूट पड़ा दर्द: “साहब, जिलाध्यक्ष का इलाज करो… हमारी जमीनें हड़प ली हैं
ज्ञापन लेकर बिना जवाब लौटे भूपेंद्र यादव
खैरथल तिजारा (अनिल गुप्ता) खैरथल तिजारा जिले के मुंडावर बढ़ली गांव के ग्रामीण शनिवार को अलवर स्थित भाजपा कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने केंद्रीय वन एवं पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव को ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों ने भाजपा उत्तर जिला अध्यक्ष महासिंह चौधरी पर जमीनों पर कब्जा करने और लोगों को धमकाने के आरोप लगाए। ग्रामीणों ने मंत्री से कहा-साहब, महासिंह चौधरी का इलाज करवाइए, इसने हमारी जमीनों पर कब्जा कर रखा है।" मंत्री ने ग्रामीणों का ज्ञापन लिया और चले गए।
मंत्री से मिलने के बाद जिला प्रमुख बलवीर छिल्लर ने भी ग्रामीणों से बातचीत की। ग्रामीणों ने नक्शे के माध्यम से उन्हें बताया कि महासिंह चौधरी ने गांव में कितनी जमीन पर कब्जा किया हुआ है। इस पर प्रमुख ने कहा कि “मामले को आपसी बातचीत से सुलझाने की कोशिश करें, झगड़े से किसी का भला नहीं होता गांव के ही सुनील चौधरी ने बताया कि उन्होंने 2024 में हरियाणा के लोगों से 2 बीघा 2 बिस्वा जमीन खरीदी थी जिसके बाद महासिंह को ये पता चला की सुनील जमीन ले रहा है तो उसने थाने में बंद करवा दिया और धमकी दी कि या तो जमीन मुझे भी दिला नहीं तो जेल में बंद करवा देगा।
डर के कारण सुनील ने 5 बिस्वा जमीन चौधरी को दिलाई। लेकिन अब उसने साढे 5 बिस्वा जमीन पर और कब्जा कर लिया और जब हम हमारी जमीन पर जाते है तो धमकी देता है। सुनील ने बताया कि चौधरी ने पुलिस से मिलीभगत कर उन्हें तीन बार थाने में बंद करवाया और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि कार्रवाई नहीं हुई तो वे आत्महत्या कर लेंगे, क्योंकि अब वे गहरे डिप्रेशन में हैं।
गांव के शिवलाल ने बताया कि वर्ष 2012 में महासिंह चौधरी ने उनसे एक लाख रुपए लिए थे और कहा था कि या तो वह दो रुपए प्रति सैकड़ा के हिसाब से पैसे वापस लौटाएगा या एक प्लॉट देगा। लेकिन न तो अब तक पैसे लौटाए और न ही प्लॉट दिया। शिवलाल ने बताया कि इस लेनदेन का लिखित साक्ष्य उनके पास मौजूद है गांव के विजय सिंह चौधरी ने बताया कि उनका खेत महासिंह चौधरी के घर के सामने है। चौधरी ने वहां पत्थर डलवा रखे हैं और कब्जे की कोशिश कर रहा है। विजय सिंह ने बताया कि उन्हें भी थाने में बंद कराया गया और पूरे गांव को परेशान किया जा रहा है।
अलवर में भाजपा कार्यालय में मंत्री ने कार्यकर्ताओं के साथ मीटिंग भी की जिसमें जिले भर से करीब 200 कार्यकर्ता व लोग मौजूद रहे इस मीटिंग में वन राज्य मंत्री संजय शर्मा व अलवर दक्षिण के जिला अध्यक्ष अशोक गुप्ता व कार्यकर्ता भी मौजूद रहे