विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम 2026 , जिले भर में बीएलओ मतदाताओं के घर-घर पहुंचे

जिला निर्वाचन अधिकारी ने एसआईआर का मौके पर जाकर किया निरीक्षण

Nov 4, 2025 - 13:06
 0
विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम 2026 , जिले भर में बीएलओ मतदाताओं के घर-घर पहुंचे
भरतपुर, (कौशलेन्द्र दत्तात्रेय) जिले में मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण के तहत मंगलवार को बीएलओ ने घर-घर जाकर सर्वेक्षण का काम शुरू किया। जिला निर्वाचन अधिकारी कमर चौधरी ने शहर के कृष्णानगर व जवाहर नगर में एसआईआर का मौके पर जाकर निरीक्षण किया तथा आम मतदाताओं से रूबरू होकर जानकारी ली।
जिला निर्वाचन अधिकारी के औचक निरीक्षण के समय कृष्णानगर में बीएलओ विकास शर्मा, सुपरवाईजर नरेन्द्र पाल शर्मा सर्वे करते पाये गये । बीएलओ द्वारा घर घर सर्वे को सही प्रकार से करने के साथ एसआईआर की जानकारी आमजन को दी जा रही थी। जिला कलक्टर को आम मतदाताओं ने भी बताया कि एसआईआर की उन्हें जानकारी है और बीएलओ को पूरे आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध करवा रहे हैं। जवाहर नगर में बीएलओ नीरज जैन व सुपरवाईजर उदल सिंह मौके पर पाये, जिनके द्वारा 45 घरों में सर्वे पूर्ण किया जाना बताया गया। मौके पर आम लोगों द्वारा भी सक्रिय सहयोग प्रदान किया जा रहा था। इस अवसर पर एआरओ भारती गुप्ता भी उपस्थित रही। 
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग दिशा-निर्देश से विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम (एसआईआर) के तहत जिन मतदाताओं का नाम वर्तमान मतदाता सूची में शामिल है उन सभी मतदाताओं को गणना प्रपत्र वितरण करने एवं संग्रहित किये जाने का कार्य आगामी 4 दिसंम्बर 2025 तक बीएलओ द्वारा किया जायेगा।
उन्होंने बताया कि बीएलओ द्वारा प्रत्येक मतदाता के घर कम से कम 3 बार भ्रमण किया जायेगा। बीएलओ द्वारा गणना प्रपत्र की प्राप्त रसीद मतदाता को उपलब्ध करवाई जायेगी। उन्होंने जिले के सभी मतदाताओं से एसआईआर कार्यक्रम में बीएलओ का सहयोग करने की अपील भी की। उन्होंने बताया कि 4 दिसंबर तक की यह अवधि काफी अहम है। इसमें जिले के सभी बीएलओ मतदाताओं के घर-घर पहुंचकर उनसे 2 प्रतियों में गणना प्रपत्र भरवाएंगे जिसमें से एक प्रति रसीद के तौर पर मतदाता के पास ही रहेगी। उन्होंने बताया कि जिले में वर्तमान मतदाता सूची के अऩुसार 1133881 मतदाता हैं। इनकी विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत बूथ लेवल अधिकारियों के द्वारा गणना प्रपत्र भरवाकर जांच की जानी है। 
क्या है गणना प्रपत्र -
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग ने विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत गणना प्रपत्र काफी आसान बना दिया है। अब यह एक ही पृष्ठ का है और उसमें भी मतदाता से संबंधित सूचनाएं जैसे - नाम, ईपिक नंबर, पता एवं वर्तमान मतदाता सूची के अनुसार भाग एवं क्रमांक संख्या पहले से ही भरी हुई आ रही हैं। मतदाता की फोटो भी गणना प्रपत्र पर छपी हुयी है। उन्होंने बताया कि बीएलओ घर-घर जाकर प्रत्येक मतदाता को गणना प्रपत्र उपलब्ध कराएंगे और उसे भरने में सहायता भी करेंगे। प्रपत्र में मतदाता को जन्म तिथि, आधार संख्या (वैकल्पिक), पिता या अभिभावक का नाम व ईपिक नंबर (वैकल्पिक), माता का नाम व ईपिक नंबर (वैकल्पिक), मोबाइल नंबर जैसी मूल जानकारियां भरनी होंगी। एक नवीनतम रंगीन पासपोर्ट साइज फोटो चिपकानी होगी। उन्होंने बताया कि गणना प्रपत्र में ही विगत एसआईआर की मतदाता सूची से वर्तमान मतदाताओं की सूचनाएं लेकर भरी जानी है जिन मतदाताओं का स्वयं का नाम विगत एसआईआर में शामिल नहीं है किंतु उनके रिश्तेदार जैसे माता-पिता/दादा-दादी/नाना-नानी आदि का नाम शामिल है तो गणना प्रपत्र में उक्त रिश्तेदार का विवरण भरा जाकर मैपिंग की जाएगी। 
आम मतदाताओं से अपील -
जिला निर्वाचन अधिकारी ने आम मतदाताओं से अपील की है कि विगत एसआईआर की मतदाता सूची से मैपिंग हेतु आवश्यक सूचनाएं बीएलओ को उपलब्ध करावें। गणना प्रपत्र की दोनों प्रतियों को भरें। उन्होंने बताया कि मतदाता भरे हुए गणना प्रपत्र को जमा करावें एवं 1 प्रति रसीद के रूप में अपने पास रखें। उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन द्वारा मतदाताओं की सुविधा के लिए वॉलंटियर भी फील्ड में तैयार किये हैं। उन्होंने बताया कि 4 दिसंबर से पहले अपना गणना प्रपत्र भरकर को जमा करावे, ताकि आसानी से अपना नाम मतदाता सूची में दर्ज करा सकें। 

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

एक्सप्रेस न्यूज़ डेस्क बुलंद आवाज के साथ निष्पक्ष व निर्भीक खबरे... आपको न्याय दिलाने के लिए आपकी आवाज बनेगी कलम की धार... आप भी अपने आस-पास घटित कोई भी सामाजिक घटना, राजनीतिक खबर हमे हमारी ई मेल आईडी GEXPRESSNEWS54@GMAIL.COM या वाट्सएप न 8094612000 पर भेज सकते है हम हर सम्भव प्रयास करेंगे आपकी खबर हमारे न्यूज पोर्टल पर साझा करें। हमारे चैनल GEXPRESSNEWS से जुड़े रहने के लिए धन्यवाद................