केंद्रीय संचार ब्यूरो द्वारा मल्टी मीडिया प्रदर्शनी का शुभारंभ कल
भरतपुर (कोश्लेंद्र दत्तात्रेय) 11 नवम्बर। सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, भारत सरकार के केंद्रीय संचार ब्यूरो, जयपुर तथा सवाईमाधोपुर द्वारा वन्देमातरम के 150 वर्ष एवं संविधान के 75 वर्ष थीम पर आधारित केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं पर मल्टीमीडिया प्रदर्शनी का मास्टर आदित्येन्द्र राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, भरतपुर के सभागार हॉल में शुभारंभ किया जाएगा।
प्रदर्शनी के बारे में जानकारी देते हुए मीडिया एवं संचार अधिकारी एवं क्षेत्रीय प्रचार अधिकारी श्री आशीष वर्मा ने बताया कि प्रदर्शनी में भारत सरकार की आम जन से जुड़ी कल्याणकारी योजनाओं एवं उपलब्धियों की जानकारी देने के लिए महिलाओं, किसानों, युवाओं, आदिवासी कल्याण, संसाधनों के विकास, डिजिटल इंडिया, रक्षा क्षेत्र में नवाचार/ऑपरेशन सिंदूर, भारतीय संविधान के 75 वर्ष, ज्ञान भारतम मिशन से जुड़े 9 ज़ोन बनाये बनाए गए हैं। युवाओं के लिए प्रदर्शनी में विभिन्न एंगेजमेंट जॉन भी बनाए गए है जिनमें टैबलेट पर विरासत भी विकास भी विषय पर ऑनलाइन क्विज, वीआर एवं बोर्ड गेम्स के साथ प्रधानमंत्री के साथ आकर्षक सेल्फी प्वाइंट भी बनाए गए है।
उन्होंने बताया कि इस प्रदर्शनी का उद्देश्य आमजन एवं युवाओं तक मनोरंजन के साथ ही भारत सरकार की सभी कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी पहुंचना है। उन्होंने बताया की भारत सरकार निरंतर प्रयासरत है कि देश की विकास को गति देते हुए हमारी विरासत को भी सहेजा जाए।
उन्होंने प्रदर्शनी में प्रदर्शित की गई जानकारी पर बताया कि इस प्रदर्शनी में वंदेमातरम के 150 वर्ष, प्रधानमंत्री जनधन योजना के बेमिसाल 11 साल, प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व योजना, सशस्त्र बलों में उच्च पदों पर पदस्थ महिलाओं,प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के संबंध में जानकारी दी जाएगी। भारतीय संविधान के 75 वर्ष के उपलक्ष्य में युवाओं को संविधान का महत्व के बारे में जानकारी देने के लिए इस प्रदर्शनी में हमारा संविधान हमारा स्वाभिमान जोन भी बनाया गया है जिसमें संविधान की प्रस्तावना, मौलिक अधिकार, मौलिक कर्त्तव्य, संविधान सभा की समितियों एवं उनके अध्यक्ष की जानकारी से संबंधित पैनल लगाए जाएंगे।
नई पीढ़ी के लिए जीएसटी सुधार कार्यक्रमों, फिट इंडिया, प्रधानमंत्री सड़क योजना, भारत की मेट्रो क्रांति, अमृत योजना 2.0, शहरों का रूपांतरण, जीवन स्तर में सुधार, अमृत स्टेशन योजना, रोजगार मेला, कौशल विकास, खेलो भारत नीति, प्रधानमंत्री शहरी आवास योजना 2.0 एवं ग्रामीण आवास योजना, ऑपरेशन सिंदूर, राष्ट्र प्रथम - राष्ट्रीय सुरक्षा और विदेश नीति, प्रधानमंत्री गति शक्ति योजना,डिजिटल इंडिया, डिजिटल इंडिया के 10 वर्ष आदि से संबंधी जानकारी प्रर्दशनी के माध्यम से लोगों को दी जाएगी। प्रदर्शनी में आने वाले सभी आगंतुकों के बीच प्रदर्शनी में दी गई जानकारी के आधार पर मौखिक प्रश्नोत्तरी भी आयोजित की जाएगी तथा विजेताओं को विभाग की ओर से पुरस्कृत भी किया जाएगी। यह प्रदर्शनी प्रातः 10 से शाम 4 बजे तक सभी के लिए निशुल्क होगी।