अलवर: दीपावली मिलन पर 'सृजक' की मासिक कवि गोष्ठी संपन्न, ग़ज़लों, व्यंग्य व मेवाती गीतों ने बांधा समां; दिल्ली से आए अतिथियों का हुआ सम्मान
अलवर / कमलेश जैन
शहर की प्रतिष्ठित साहित्यिक संस्था 'सृजक' की ओर से दीपावली मिलन के अवसर पर मासिक कवि गोष्ठी का आयोजन किया गया। संजय कॉलोनी स्थित एम.एन.सी.आई. सभागार में आयोजित यह गोष्ठी संस्था के अध्यक्ष सरदार अमरीक सिंह 'अदब' की अध्यक्षता में संपन्न हुई। कार्यक्रम के आरंभ में अतिथियों और साहित्य प्रेमियों ने मां सरस्वती की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की तथा गीतकार रामचरण 'राग' ने सरस सरस्वती वंदना प्रस्तुत की।
रचनाओं, व्यंग्य और बांसुरी की धुन ने जमाया रंग गोष्ठी में मुख्य अतिथि रघुवर दयाल जैन ने रीतिकालीन कवियों के दोहों का काव्यांतरण प्रस्तुत किया। विशिष्ट अतिथि डॉ. अंजना अनिल ने 'दीपक की अंतर्कथा' सुनाई, वहीं रघुनंदन अवस्थी ने जीवन दर्शन पर मार्मिक गीत पेश किया। सरदार अमरीक सिंह 'अदब', डॉ. शिवचरण चौड़वाल, मो. रफीक खान और रामचरण 'राग' की ग़ज़लों ने श्रोताओं को खूब बांधे रखा।
सामाजिक विसंगतियों पर डॉ. देवेंद्र शर्मा व जयदर्थ यादव ने अपनी रचनाओं से प्रहार किया, जबकि युवा कवि प्रेम शर्मा की 'कविता के दो पैग' ने वाहवाही लूटी। गीतकार पुरुषोत्तम शर्मा के दोहों और डॉ. वेद प्रकाश यादव 'सहज' के सामयिक मेवाती गीत को भी सराहना मिली। प्रदीप माथुर, जगदीश भारद्वाज व संगीतज्ञ चिन्मय पाराशर ने समसामयिक राजनीति पर व्यंग्य बाण चलाए। घनश्याम शर्मा व युवा कवि पुनीत अवस्थी की पौराणिक कविताओं और देवांश जांगिड़ व अनिल शर्मा की ऐतिहासिक रचनाओं ने गोष्ठी को समृद्ध किया। कवयित्री सीमा कालरा की प्रतीकात्मक रचना तथा याशिता शर्मा की स्त्री विमर्श आधारित कविताओं को श्रोताओं ने पसंद किया। दिवाकर शर्मा व महेश वेदामृत ने भी काव्य पाठ किया, वहीं बांसुरी वादक सुभाष नकड़ा की मधुर धुन ने वातावरण को संगीतमय बना दिया।
जन्मदिन पर अतिथियों का सम्मान 'सृजक' के सचिव रामचरण 'राग' ने बताया कि कवि गोष्ठी में दिल्ली से पहुंचे राकेश बग्गा, अशोक आहूजा और खुशाल सैनी को उनके जन्मदिन के उपलक्ष्य में मोतियों की माला, तिरंगा पटका व पेन भेंट कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर कोषाध्यक्ष हेमराज सैनी, प्रवक्ता मुकेश मीणा, शिक्षाविद प्रदीप सैनी, हरिनारायण, नरेंद्र मोहन शर्मा, राम प्रकाश सैनी, राज नारायण सैन तथा समाजसेवी का. भोला राम शर्मा, राधेश्याम शर्मा, जितेंद्र पोपली, अभिनव शर्मा, संजीव नधेड़िया, संदीप कुमार व भुविक सैनी सहित अनेक साहित्य प्रेमी और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

