बेटे के साथ टहलने निकले फॉरेस्ट ऑफिसर को कार ने मारी जोरदार टक्कर हुई मौत, बेटा बचा
अलवर (अनिल गुप्ता) अलवर शहर में सुबह की सैर पर निकले एक पिता ने असाधारण साहस दिखाते हुए अपने 11 वर्षीय बेटे की जान तो बचा ली, लेकिन खुद एक भीषण हादसे का शिकार होकर मौत के मुंह में चले गए। यह दर्दनाक घटना शांति कुंज-111 निवासी 48 वर्षीय जोगिंदर सिंह चौहान के साथ हुई, जिसने पूरे क्षेत्र को स्तब्ध कर दिया है। बुधवार सुबह जोगिंदर सिंह अपने बेटे के साथ टहलने निकले थे। तभी अचानक तेज रफ्तार से आ रही कार ने नियंत्रण खो दिया और सीधे उनकी ओर लपकी। जैसे ही उन्हें खतरे का एहसास हुआ, जोगिंदर ने बिना सोचे-समझे अपने 11 वर्षीय बेटे को जोर से किनारे ढकेल दिया, जिससे उसकी जान बच गई। लेकिन खुद गाड़ी की चपेट में आने से गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के तुरंत बाद आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें बचाने की हर कोशिश के बाद भी मृत घोषित कर दिया। जोगिंदर सिंह चौहान परिवार में उनके पिता विक्रम सिंह चौहान रेलवे में आर पी एफ से रिटायर्ड अधिकारी हैं। परिवार में पत्नी, 11 वर्षीय बेटा और अन्य परिजन हैं। स्थानीय लोगों ने बताया कि जोगिंदर शांत, मिलनसार और बेहद जिम्मेदार स्वभाव के थे। बेटे को बचाने के लिए किया गया उनका त्याग क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेस्ट विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे। प्रारंभिक जांच में हादसा तेज रफ्तार और वाहन पर नियंत्रण खोने के कारण होना बताया जा रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।


