1अप्रेल से नया शिक्षा सत्र 2026-27 शुरू करने की तैयारियां तेज.
लक्ष्मणगढ़ (अलवर/कमलेश जैन) राज्य सरकार द्वारा नया शिक्षा सत्र 2026-27 जुलाई की जगह 1 अप्रेल से शुरू करने के लिए इस साल होने वाली अर्द्धवार्षिक परीक्षाओं सहित वार्षिक परीक्षाएं एवं राज्य राज्य स्तरीय शिक्षक सम्मेलन की तिथियों में बदलाव किया गया है। शिक्षा विभाग दिसंबर में प्रस्तावित अर्द्धवार्षिक परीक्षा को 20 नवंबर से करवा रहा है। वही आठवीं और पांचवीं की बोर्ड परीक्षा भी इस बार मार्च माह में आयोजित की जाएगी। पिछले साल पांचवीं बोर्ड की परीक्षा 7 अप्रेल से शुरू होकर 15 अप्रेल को संपन्न हुई थी। जबकि आठवीं बोर्ड की परीक्षा 20 मार्च से 2 अप्रेल तक कराई गई थी।
इस साल पांचवीं बोर्ड की परीक्षा 16 मार्च से 24 मार्च तथा आठवीं बोर्ड की परीक्षा 10 मार्च से 20 मार्च तक करवाने की तैयारी है। नया सत्र अप्रेल से शुरू करवाने को लेकर सरकार का प्रयास है कि वर्तमान सत्र (2025-26) की सभी वार्षिक परीक्षाएं 25 मार्च तक आयोजित कर 31 मार्च तक परिणाम घोषित कर दिए जाएं, ताकि अगला सत्र 1 अप्रेल 2026 से शुरू किया जा सके।


