दिल्ली पुलिस भर्ती परीक्षा में हाईटेक नकल का खुलासा, अलवर पुलिस ने अभ्यर्थी को किया गिरफ्तार
अलवर (अनिल गुप्ता) अलवर पुलिस ने एसएससी के माध्यम से आयोजित दिल्ली पुलिस भर्ती परीक्षा में नकल करते हुए एक अभ्यर्थी को गिरफ्तार किया है। सीओ ग्रामीण शिवानी शर्मा ने बताया कि पकड़ा गया अभ्यर्थी बहरोड़ क्षेत्र के बड़ोद गांव निवासी सुरेंद्र सैनी है। वह 17 दिसंबर को चितकानी स्थित एमआईटीआरसी कॉलेज में दिल्ली पुलिस में ड्राइवर पद की ऑनलाइन परीक्षा देने अलवर आया था।
परीक्षा के दौरान कक्ष में तैनात ऑब्जर्वर को अभ्यर्थी के व्यवहार पर संदेह हुआ। पूछताछ में उसने किसी तरह की समस्या से इनकार किया, लेकिन जब ऑब्जर्वर ने माउस से हाथ हटाने को कहा तो सामने आया कि कंप्यूटर स्क्रीन पर प्रश्नों के उत्तर अपने आप क्लिक हो रहे थे। जांच में पता चला कि परीक्षा केंद्र के कंप्यूटर सिस्टम को पहले ही हैक कर लिया गया था और बाहर बैठे व्यक्ति द्वारा उत्तर डलवाए जा रहे थे।
पूछताछ में यह भी सामने आया कि अभ्यर्थी ने परीक्षा पास कराने के लिए सात लाख रुपये में डील की थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसे कोर्ट में पेश किया गया, जहां से तीन दिन की रिमांड पर भेजा गया है। पुलिस पूरे गिरोह और तकनीकी साजिश की गहन जांच में जुटी हुई है।

