गोविंदगढ़ क्षेत्र में ठिठुरन बढ़ी, रात का तापमान गिरा: सुबह कई हिस्सों में कोहरा छाया, ठंडी हवाओं ने मौसम में बढ़ाई गलन
गोविंदगढ़ (अलवर) गोविंदगढ़ सहित आसपास क्षेत्र सुबह घना कोहरा छाया रहा, लेकिन कुछ ग्रामीण इलाकों में हल्का कोहरा देखने को मिला। शुक्रवार देर रात मौसम में बदलाव के संकेत मिलने लगे थे। शुक्रवार रात को कोहरे जैसे धुएं के दृश्य दिखाई दिए, जिससे यह अनुमान लगाया जा रहा था कि शनिवार को घना कोहरा रहेगा, लेकिन शनिवार सुबह मौसम बिल्कुल साफ रहा। वहीं 8 बजे के बाद अचानक कोहरा बढ्ने से विजिबिलिटी 50 से 70 मीटर तक सिमट गई और ठंडी हवाओं से मौसम में बढ़ी गलन से ठंड का असर बरकरार है और लोग अलाव जलाकर सर्दी से बचते नजर आ रहे हैं।
दोपहर 2 बजे तक भारी कोहरे के चलते वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। कोहरे के कारण धूप नहीं निकल सकी और मौसम में लगातार गलन बनी रही। पिछले दिनों की तुलना में आज ठंड का असर ज्यादा महसूस किया गया।
ठंडी हवाओं के चलते आज सर्दी का असर ज्यादा रहा। गलन बढ़ने से लोग घरों से बाहर निकलने से परहेज करते नजर आए। हाईवे पर घने कोहरे के कारण दुर्घटनाओं की आशंका बनी हुई है, जिससे वाहनों की रफ्तार भी धीमी हो गई। कई वाहन चालक दिन में ही लाइट जलाकर वाहन चलाने को मजबूर हैं।
मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में सर्दी का असर और बढ़ सकता है। तापमान में और गिरावट आने के आसार हैं, जिससे कोहरा और गलन दोनों बढ़ने की संभावना जताई गई है। ऐसे में लोगों को सतर्क रहने और ठंड से बचाव के उपाय अपनाने की सलाह दी जा रही है।