ग्रामीण विकास मॉडल समझने अलवर पहुंची नाइजीरिया की 26 सदस्यीय टीम जिला परिषद के कार्यों का किया गया अध्ययन
अलवर (अनिल गुप्ता) अलवर जिले में नाइजीरिया से आई 26 सदस्यीय अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधिमंडल टीम ने जिला परिषद अलवर का भ्रमण किया। इस अवसर पर टीम ने जिले में संचालित ग्रामीण विकास योजनाओं और पंचायत राज व्यवस्था के अंतर्गत हो रहे कार्यों का गहन अध्ययन किया। भ्रमण का मुख्य उद्देश्य जमीनी स्तर पर विकास कार्यों की कार्यप्रणाली को समझना और अपने देश में इन्हें लागू करने की संभावनाओं का आकलन करना रहा।
नाइजीरिया की टीम का जिला परिषद परिसर में स्वागत किया गया, जहां जिला परिषद के अधिकारियों ने उन्हें विभिन्न ग्रामीण विकास योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। टीम को मनरेगा, प्रधानमंत्री आवास योजना, स्वच्छ भारत मिशन, जल जीवन मिशन, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन तथा महिला स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से किए जा रहे कार्यों से अवगत कराया गया। अधिकारियों द्वारा बताया गया कि किस प्रकार योजनाओं का लाभ सीधे जरूरतमंद ग्रामीणों तक पहुंचाया जा रहा है।
भ्रमण के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने कई गांवों का दौरा किया, जहां उन्होंने सड़कों, पेयजल व्यवस्था, स्वच्छता, आवास निर्माण और रोजगार सृजन से जुड़े विकास कार्यों को मौके पर जाकर देखा। टीम के सदस्यों ने ग्रामीणों और पंचायत प्रतिनिधियों से संवाद कर यह समझा कि योजनाओं के क्रियान्वयन में जनभागीदारी की क्या भूमिका रही है। ग्रामीणों द्वारा योजनाओं से मिले लाभों की जानकारी भी साझा की गई।
नाइजीरिया की टीम ने अलवर जिले में अपनाई गई विकेंद्रीकृत शासन प्रणाली, पारदर्शिता और डिजिटल तकनीक के उपयोग की सराहना की। टीम के सदस्यों ने माना कि सीमित संसाधनों के बावजूद जिस प्रकार योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू किया गया है, वह उनके देश के लिए एक प्रेरणादायक मॉडल बन सकता है।
जिला परिषद अधिकारियों के अनुसार, यह भ्रमण भारत और नाइजीरिया के बीच ग्रामीण विकास के क्षेत्र में अनुभव और ज्ञान के आदान-प्रदान की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम रहा।