विधायक गोपीचंद मीणा भाजपा एसटी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त
जहाजपुर (मोहम्मद आज़ाद नेब) भारतीय जनता पार्टी संगठन में बड़ा फेरबदल करते हुए प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने आज प्रेस विज्ञप्ति जारी कर विभिन्न मोर्चों के प्रदेश अध्यक्षों की घोषणा की। इसी क्रम में जहाजपुर विधायक गोपीचंद मीणा को भाजपा अनुसूचित जनजाति (एसटी) मोर्चा का प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
विधायक गोपीचंद मीणा भीलवाड़ा जिले की जहाजपुर विधानसभा सीट से दो बार विधायक निर्वाचित हो चुके हैं। वे पिछले कई वर्षों से पार्टी में विभिन्न दायित्वों का निर्वहन करते हुए संगठन को मजबूत करने में सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं।
सरल स्वभाव, जमीनी जुड़ाव और संगठन के प्रति समर्पण के लिए पहचाने जाने वाले गोपीचंद मीणा की इस नियुक्ति से एसटी मोर्चे को नई ऊर्जा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। पार्टी कार्यकर्ताओं में इस घोषणा के बाद उत्साह का माहौल है।


