भरतपुर, 16 जनवरी। माननीय मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा द्वारा प्रदत्त निर्देशों के क्रम में राज्य के प्रत्येक जिला मुख्यालय पर निर्धारित दिवस को युवा संबल मेला आयोजित किया जा रहा है। इस पहल का उद्देश्य युवाओं को स्व-रोजगार, निजी रोजगार एवं प्रशिक्षुता के अवसर उपलब्ध कराते हुए राजस्थान सरकार के रोजगार संबंधी प्रयासों को एकीकृत एवं सुव्यवस्थित करना है। यह रोजगार दिवस, रोजगार मेला एवं प्रशिक्षुता को एक साथ मंच प्रदान करना है, जिसका समन्वय एमएसएमई विभाग एवं रोजगार विभाग द्वारा किया जा रहा है।
उप निदेशक, जिला रोजगार कार्यालय भरतपुर रघुवीर सिंह ने बताया कि 21 जनवरी बुधवार को प्रातः 10 से सायं 5 बजे तक भरतपुर जिला मुख्यालय पर महारानी श्री जया महाविद्यालय के खेल मैदान में युवा संबल मेले का आयोजन किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि इस मेले में भरतपुर, नीमराणा, भिवाड़ी, कोटा, टपूकड़ा, खुशखेड़ा, शाहजहाँपुर, अलवर, गुरुग्राम एवं नोएडा सहित विभिन्न औद्योगिक क्षेत्रों से लगभग 40 कंपनियों के प्रतिनिधि भाग लेंगे। इनके द्वारा लगभग 80 प्रकार के पदों के लिए लगभग 5 हजार रिक्तियों पर पात्र बेरोजगार आशार्थियों का चयन कर रोजगार उपलब्ध कराया जाएगा।
उन्होंने बताया कि मेले में आने वाले बेरोजगार आशार्थियों एवं कंपनियों के प्रतिनिधियों के मध्य समन्वय स्थापित कर जिला प्रशासन, भरतपुर एवं रोजगार कार्यालय, भरतपुर द्वारा पात्रता के आधार पर अधिकतम युवाओं को रोजगार उपलब्ध करवाने का प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि इच्छुक बेरोजगार आशार्थी ऑनलाइन पंजीयन हेतु QR Code Scan कर या https://rajemployment.rajasthan.gov.in/JobFair/RegJobFairEventDayForJobSeekers?EventId=3500 लिंक पर आवेदन कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि विभाग द्वारा जिला कलक्टर सोशल मीडिया अकाउन्ट, कलेक्ट्रेट परिसर, मुख्य चौराहों, बस स्टैण्ड, रेलवे स्टेशन, आरबीएम अस्पताल, सरकारी कार्यालयों एवं सार्वजनिक स्थलों पर क्यूआर कोड स्कैनर लगाये गये जिनके माध्यम से इच्छुक व्यक्ति अपना आवेदन पंजीयन करवा सकता है। उन्होंने जिले के सभी पात्र युवाओं से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में “युवा संबल” मेले में उपस्थित होकर इस अवसर का लाभ उठाएं।