गोविंदगढ़ में हुआ गौ-विज्ञान अनुसंधान एवं सामान्य ज्ञान परीक्षा का आयोजन: 540 छात्रों ने लिया भाग, पहला स्थान पाने वाले को मिलेगा 15 हजार रुपए कैश इनाम
अलवर जिले के गोविंदगढ़ उपखण्ड में गौ-विज्ञान अनुसंधान एवं सामान्य ज्ञान परीक्षा का आयोजन किया गया। 'वंदे धेनु मातरम् गौ सेवा गतिविधि', जयपुर प्रांत की देखरेख में यह परीक्षा गोविंदगढ़ और बड़ौदामेव कस्बे के कुल 7 केंद्रों पर सफलतापूर्वक संपन्न हुई। इसमें 540 छात्र-छात्राओं ने भाग लिया।
गोविंदगढ़ खंड संयोजक टीके सिंह ने बताया- इस परीक्षा का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में गौ माता के महत्व, वैज्ञानिक दृष्टिकोण से गौ आधारित अनुसंधान, पर्यावरण संरक्षण और भारतीय संस्कृति के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। परीक्षा के माध्यम से बच्चों को गौ आधारित जीवनशैली और इसके सामाजिक व आर्थिक लाभों से अवगत कराया गया।
पहला स्थान लाने वाले को मिलेंगे 15 हजार रुपए
खंड संयोजक टीके सिंह ने यह भी बताया कि परीक्षा में सभी प्रश्न ऑबजेक्टिव थे। इनमें 75 प्रतिशत प्रश्न विद्यार्थियों को दी गई पुस्तक से और बाकी 25 प्रतिशत राजस्थान की संस्कृति, कला, साहित्य, वेशभूषा, कृषि और खानपान पर आधारित थे। राज्य स्तर पर होने वाली इस परीक्षा में प्रथम पुरस्कार 15,000 रुपए, द्वितीय पुरस्कार 11,000 रुपए और तृतीय पुरस्कार 8,000 रुपए निर्धारित किया गया है।


