पड़ौसी से विवाद ने ली महिला की जान; बालिका पर टिप्पणी का विरोध बना हमले की वजह
अलवर (अनिल गुप्ता) अलवर जिले की सीमा पर स्थित डींग जिले के सीकरी थाना क्षेत्र के झातली गांव में एक पारिवारिक विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जिसमें एक महिला की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार साबिर अली ने बताया कि उनके पड़ोस में रहने वाले एक युवक ने उनकी नाबालिग बच्ची पर आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। इस बात का विरोध करने पर पड़ोसियों ने उनके परिवार पर हमला कर दिया। हमले के दौरान 35 वर्षीय खुर्शीदन के साथ बेरहमी से मारपीट की गई।
आरोप है कि हमलावरों ने चुन्नी से उनके गले और पैरों को बांधकर उन्हें घसीटा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर अचेत हो गईं। परिजन उन्हें तत्काल सीकरी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां से हालत गंभीर होने पर अलवर जिला अस्पताल रैफर किया गया। इलाज के दौरान खुर्शीदन की मौत हो गई।
पीड़ित पक्ष ने इस हमले में शामिल कई लोगों के नाम बताए हैं और आरोप लगाया है कि हमलावर ओएलएक्स के जरिए साइबर ठगी के काम में भी संलिप्त है। घटना की सूचना मिलने पर सीकरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची पुलिस मृतका का अलवर अस्पताल में पोस्टमार्टम करा शव परिजनों को सौंप मामले की जांच शुरू कर दी है।