धौलागढ़ देवी थाना पुलिस ने भैंस चोरी करने वाला हिस्ट्रीशीटर दिनेश उर्फ काला किया गिरफ्तार
कठूमर (दिनेश लेखी)। पुलिस थाना धौलागढ़ देवी ने संगठित अपराधों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए भैंस चोरी के मामले में वांछित हिस्ट्रीशीटर दिनेश उर्फ काला को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई थानाधिकारी रामजी लाल के नेतृत्व में मंगलवार को की गई।
थानाधिकारी रामजीलाल ने बताया कि आरोपी दिनेश उर्फ काला पुत्र विजय सिंह, जाति मीणा, उम्र 40 वर्ष, निवासी नूनिया को आसूचना संकलन एवं तकनीकी सहायता के आधार पर गिरफ्तार किया गया। आरोपी पुलिस थाना खेड़ली में दर्ज भैंस चोरी के एक प्रकरण में वांछित था, जिसमें पूर्व में दो अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने थाना खेड़ली क्षेत्र में भैंस चोरी की वारदात को स्वीकार किया है। आरोपी के विरुद्ध पूर्व में अवैध हथियार रखने, नकबजनी तथा मारपीट के कई आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। दिनेश उर्फ काला पुलिस थाना खेड़ली का हिस्ट्रीशीटर अपराधी है।
आरोपी दिन के समय गांवों में जाकर पशुओं की रेकी करता था तथा रात के समय भैंस चोरी कर ले जाता था।

