आहत युवती की आत्महत्या मामले में निष्पक्ष जांच की मांग
अलवर (अनिल गुप्ता) अलवर के पुलिस थाना अरावली विहार क्षेत्र में दर्ज आत्महत्या के एक मामले में परिजनों ने जांच की निष्पक्षता पर सवाल उठाते हुए मुख्यमंत्री से उच्च स्तरीय जांच की मांग की है। मामले में प्रथम सूचना रिपोर्ट दिनांक 6 दिसंबर 2025 को बीएनएस की धारा 108 के तहत दर्ज कराई गई ।
पीड़िता के पिता देवेंद्र कुमार विजय ने मुख्यमंत्री को भेजे गए पत्र में बताया कि उनकी पुत्री सजल विजय का विवाह भोपाल निवासी नमन विजय से 11 दिसंबर 2025 को प्रस्तावित था। इससे पूर्व 30 नवंबर 2025 को दोनों के बीच फोन पर बातचीत हुई थी, जिसके बाद उसी दिन सजल विजय ने आत्महत्या कर ली।
परिजनों का आरोप है कि नमन विजय एवं उसके परिवार द्वारा विवाह के लिए ऊंचे स्तर का दबाव और दहेज संबंधी मांग की जा रही थी। अंतिम बातचीत के दौरान भी पीड़िता पर मानसिक दबाव बनाए जाने की बात सामने आई है, जिससे वह मानसिक रूप से प्रताड़ित हो गई।
आवेदन में यह भी आरोप लगाया गया है कि जांच अधिकारी द्वारा तथ्यों की गहराई से जांच न करते हुए आरोपियों को बचाने का प्रयास किया जा रहा है और केवल औपचारिक खानापूर्ति की जा रही है। परिजनों ने पुलिस अधीक्षक सहित उच्चाधिकारियों से निष्पक्ष जांच कर न्याय दिलाने की मांग की है।

