खेत में दवा छिड़कते समय 28 वर्षीय किसान की मौत
अलवर (अनिल गुप्ता) अलवर जिले के बगड़ तिराया थाना अंतर्गत ग्राम बगड़ राजपूत मोडनियां का बास में एक हादसा सामने आया है। खेत में दवा छिड़कते समय एक किसान की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार मृतक भीम सिंह (28) पुत्र मोहन सिंह, जो खेती-बाड़ी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था। परिजनों ने बताया कि भीम सिंह रविवार शाम अपने खेत में दवा छिड़कने गए थे, लेकिन काफी समय बीत जाने के बाद भी जब वे घर नहीं लौटे तो परिजन उन्हें देखने खेत पहुंचे। वहां भीम सिंह अचेत अवस्था में पड़े मिले।
परिजन तत्काल उन्हें उपचार के लिए अलवर जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही बगड़ तिराया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। परिजनों की ओर से शिवचरण ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप कर मामले की जांच शुरू कर दी है।