प्रयागराज: नैनी स्टेशन पर पॉइंट्समैन बना 'फरिश्ता', मौत के मुंह से खींच निकाला यात्री का जीवन
प्रयागराज (शशि जायसवाल) उत्तर प्रदेश के नैनी रेलवे स्टेशन पर उस वक्त हड़कंप मच गया जब कामायनी एक्सप्रेस में चढ़ने के प्रयास में एक यात्री ट्रेन और प्लेटफॉर्म के बीच आने ही वाला था। लेकिन ड्यूटी पर तैनात एक सतर्क पॉइंट्समैन की सूझबूझ और बहादुरी ने एक बड़ा हादसा होने से टाल दिया। सोशल मीडिया पर इस घटना का वीडियो वायरल होने के बाद लोग रेलवे कर्मचारी को 'देवदूत' बता रहे हैं।
चलती ट्रेन में चढ़ने की थी कोशिश
जानकारी के अनुसार, कामायनी एक्सप्रेस (11072) नैनी स्टेशन से रवाना हो रही थी। ट्रेन ने रफ्तार पकड़नी शुरू ही की थी कि एक यात्री ने भागकर कोच में चढ़ने की कोशिश की। इसी दौरान यात्री का संतुलन बिगड़ गया और वह फिसलकर प्लेटफॉर्म और पटरी के बीच के गैप (पायदान) की ओर खिंचने लगा।
पॉइंट्समैन की जांबाजी ने बचाई जान
मौके पर झंडा लेकर अपनी ड्यूटी कर रहे पॉइंट्समैन ने जैसे ही यात्री को गिरते देखा, उन्होंने बिना एक पल गंवाए अपनी जान की परवाह किए बिना यात्री की ओर दौड़ लगा दी। पॉइंट्समैन ने फुर्ती दिखाते हुए यात्री को पूरी ताकत से बाहर की ओर खींच लिया। अगर कुछ सेकंड की भी देरी होती, तो यात्री ट्रेन के नीचे आ सकता था।
सोशल मीडिया पर 'रियल हीरो' की तारीफ
इस पूरी घटना का वीडियो स्टेशन पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया। वीडियो सामने आने के बाद रेलवे प्रशासन और आम जनता कर्मचारी की सतर्कता की जमकर सराहना कर रही है।