धरसोनी में तीन दिवसीय जिकड़ी दंगल का हुआ समापन; गुप्ता बोले- जिकड़ी भारतीय संस्कृति की अनमोल धरोहर
हलैना (विष्णु मित्तल) श्री सत्यले ग्राम विकास समिति और गांव के नागरिकों की संयुक्त मेजबानी में ग्राम धरसोनी में आयोजित तीन दिवसीय भजन–जिकड़ी दंगल का रविवार को गरिमामयी समापन हुआ। समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह के मुख्य अतिथि समृद्ध भारत अभियान के निदेशक सीताराम गुप्ता रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता समिति अध्यक्ष मोहन् सिंह ने की। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में ईश्वर सिंह, जगत सिंह, हरप्रसाद सिंह ‘बबलू’ और साहब सिंह उपस्थित रहे।
मुख्य अतिथि सीताराम गुप्ता ने अपने उद्बोधन में कहा कि भजन–जिकड़ी भारतीय संस्कृति की जीवंत धरोहर है। इसकी परंपरा के माध्यम से सनातन धर्म, महापुरुषों के जीवन प्रसंग, स्वतंत्रता संग्राम के शहीदों और योद्धाओं की गाथाएं पीढ़ी-दर-पीढ़ी संप्रेषित होती रहती हैं। उन्होंने कहा कि जिकड़ी के गीतों और कथाओं के माध्यम से युवाओं और बच्चों को भारतीय संस्कृति, इतिहास एवं लोकपरंपराओं का ज्ञान सहज रूप में प्राप्त होता है।
उन्होंने ग्रामीणों से आग्रह किया कि ऐसे सांस्कृतिक आयोजनों के साथ-साथ स्वच्छता, रोजगार सृजन, नशा मुक्ति, महिला सशक्तिकरण, प्राकृतिक खेती और आत्मनिर्भरता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी सामूहिक रूप से कार्य करना आवश्यक है।
कार्यक्रम में जिकड़ी दंगल के गायक–गायिकाओं ने हास्य, वीर, ओज, करूणा और लोक रस से भरपूर प्रस्तुति देकर श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। रामायण, महाभारत तथा विभिन्न लोककथाओं के प्रसंगों पर आधारित गीतों के साथ-साथ पारंपरिक लोकगीत, चुटकुले और हास्य गीतों ने दर्शकों को देर रात तक बांधे रखा।
समिति के प्रवक्ता साहब सिंह तथा कोषाध्यक्ष जगत सिंह ने बताया कि समिति और गांववासियों के सामूहिक प्रयास से यह जिकड़ी दंगल 1 से 3 फरवरी तक सफलता पूर्वक आयोजित किया गया। तीन दिनों तक गांव का वातावरण भक्ति, उत्साह और सांस्कृतिक रंगों से सराबोर बना रहा।
जिकड़ी दंगल में नीलम अभोर्रा, पूजा डागुर, छवि देशवाल, सावित्री जटमासी, दीपक जगनेर, जलसिंह भटावली, तेज सिंह ईशरौली, भूपेंद्र सिंह सहित अनेक कलाकारों ने अपनी प्रभावशाली प्रस्तुतियां दीं, जिन्हें दर्शकों ने खूब सराहा।
समिति के सदस्यों रमन सिंह, लखन सिंह, दलेल सिंह, भाजपा के जिला प्रवक्ता शेर सिंह, समिति अध्यक्ष मोहन सिंह, साहब सिंह, जगराम सिंह, ईश्वर सिंह, हरप्रसाद सिंह ‘धरसोनी’ आदि ने मंच पर उपस्थित अतिथियों एवं सभी गायक–गायिकाओं का शॉल, फूलमाला एवं स्मृति चिह्न देकर सम्मान किया। कार्यक्रम बेहतरीन जाट समाज वैर भुसावर के अध्यक्ष कप्तान सिंह घाटरी, प्रूव जिला परिषद सदस्य ईश्वर सिंह, ग्राम सेवा सहकारी समिति के प्रताप सिंह सहित गणमान्य व्यक्ति एवं आसपास के गांवों के हजारों लोग उपस्थित थे ! तीन दिवसीय सांस्कृतिक महोत्सव का यह आयोजन ग्रामीण क्षेत्र में सांस्कृतिक संरक्षण, सामाजिक एकता और जागरूकता के एक प्रेरणादायक उदाहरण के रूप में याद किया जाएगा।


