गोविन्दगढ़ पुलिस ने 'गलती से पैसे' ठगी गिरोह पकड़ा:एक आरोपी गिरफ्तार, दो किशोर निरुद्ध;3 मोबाइल-4 सिम बरामद
गोविन्दगढ़ पुलिस ने 'साइबर संग्राम अभियान 2.0' के तहत ऑनलाइन ठगी करने वाले एक गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है । जबकि दो विधि से संघर्षरत बालकों को निरुद्ध किया गया है। पुलिस ने इनके कब्जे से तीन एंड्रायड मोबाइल और चार सिम कार्ड बरामद किए हैं।
- गलती से पैसे ट्रांसफर होने का झांसा देते थे
प्रशिक्षु आरपीएस योगेश कुमार ने बताया-यह गिरोह तकनीकी साधनों और सोशल मीडिया (व्हाट्सएप) का उपयोग कर लोगों को निशाना बनाता था। ठग पहले पीड़ितों को मैसेज भेजकर परिचित होने का नाटक करते थे। इसके बाद वे फोन-पे पर फर्जी मैसेज भेजकर यह झांसा देते थे कि "गलती से आपके खाते में मेरे पैसे ट्रांसफर हो गए हैं, कृपया उन्हें वापस लौटा दें।" जैसे ही कोई व्यक्ति इस झांसे में आकर पैसे लौटाता था। उनके खाते से रकम निकाल ली जाती थी।
- दो किशोरों को निरुद्ध किया
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) कांबले शरण गोपीनाथ और डॉ. प्रियंका (एएसपी ग्रामीण) के निर्देशन में एक टीम गठित की गई थी। इस टीम ने तकनीकी विश्लेषण और आसूचना तंत्र की मदद से दबिश देकर आरोपी फकरुदीन उर्फ फकरु (38) निवासी नसवारी को गिरफ्तार किया। दो किशोरों को भी संरक्षण में लिया गया है।
- कार्रवाई में इनकी रही भूमिका
इस कार्रवाई को सफल बनाने में प्रशिक्षु आरपीएस योगेश कुमार, थानाधिकारी धर्मसिंह, सहायक उपनिरीक्षक किशनलाल, कांस्टेबल सीताराम, मुरारी और बृजेश कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है ताकि सेक्सटॉर्शन, ओएलएक्स फ्रॉड और फर्जी सिम (पीओएस) जैसे अन्य मामलों का भी खुलासा किया जा सके।
पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि यदि कोई अनजान व्यक्ति 'गलती से पैसे ट्रांसफर' होने का दावा करे, तो बिना बैंक स्टेटमेंट की जांच किए कोई भी लेनदेन न करें। ऐसे मामलों में तुरंत साइबर हेल्पलाइन पर सूचना देने की सलाह दी गई है।