गोविन्दगढ़ में MCH विंग को मंजूरी:महिलाओं और बच्चों को मिलेगी बेहतर सुविधा, अलग से इकाई की जरूरत थी
अलवर के गोविन्दगढ़ कस्बे में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य इकाई (MCH विंग) स्थापित करने को मंजूरी मिल गई है। राज्य बजट में मुख्यमंत्री की घोषणा के बाद यह स्वीकृति मिली है। यह क्षेत्र की लंबे समय से चली आ रही मांग थी, जिससे स्थानीय स्वास्थ्य ढांचे में सुधार होगा।
- अलग से इकाई की जरूरत थी
गोविन्दगढ़ और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं पर लगातार दबाव बढ़ रहा था। आंकड़ों के अनुसार, यहां प्रतिमाह औसतन 200 से अधिक प्रसव दर्ज किए जाते हैं। बढ़ती प्रसव संख्या और आपातकालीन मामलों को देखते हुए एक अलग समर्पित इकाई की आवश्यकता महसूस की जा रही थी।
- प्रसूताओं को मिलेगी बेहतरीन सुविधा
स्थानीय विधायक सुखवंत सिंह ने इस परियोजना की स्वीकृति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। रिटायर्ड अध्यापक एवं ब्राह्मण समाज के संरक्षक कमलेश खेड़ापति ने बताया कि, "कई दशकों से क्षेत्र की महिलाओं को प्रसव और जटिल उपचार के लिए बड़े शहरों में जाना पड़ता था। इस विंग की स्थापना से अब उन्हें स्थानीय स्तर पर ही बेहतर सुविधाएँ मिलेंगी।"
विधायक सुखवंत सिंह ने जानकारी दी कि MCH विंग में प्रसव पूर्व जांच (एएनसी), सामान्य एवं सिजेरियन प्रसव, नवजात शिशु की विशेष देखभाल, टीकाकरण तथा प्रसव के बाद मां-बच्चे की निगरानी जैसी सुविधाएं उपलब्ध होंगी। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, आवश्यक संसाधनों और स्टाफ की नियुक्ति की प्रक्रिया चरणबद्ध तरीके से पूरी की जाएगी।