राजकीय महाविद्यालय खैरथल में विद्यार्थियों को वैज्ञानिक दृष्टिकोण अपनाने को किया गया प्रेरित
खैरथल (हीरालाल भूरानी) राजकीय महाविद्यालय खैरथल में राष्ट्रीय विज्ञान दिवस के अवसर पर विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम प्रभारी साक्षी जैन ने बताया कि विद्यार्थियों ने डॉ. सी वी रमन की उपलब्धियों को याद करते हुए महाविद्यालय में विज्ञान दिवस की मूल भावना को आत्मसात किया। डॉ दीपक कुमार ने विद्यार्थियों को बताया कि भारतीय वैज्ञानिक चंद्रशेखर वेंकट रमन द्वारा 28 फरवरी, 1928 को की गई रमन प्रभाव की खोज के कारण इस दिन को राष्ट्रीय विज्ञान दिवस के रूप में मनाया जाता है। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को रमन प्रभाव की जानकारी दी गई। साथ ही विद्यार्थियों को वैज्ञानिक चेतना एवं सोच अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया गया। कार्यक्रम में कुशाल, नीरज एवं रजनदीप ने भी विज्ञान के आम जीवन में पड़ने वाले प्रभाव एवं महत्व को समझाया। कार्यक्रम के दौरान संकाय सदस्य डॉ. सरस्वती मीणा, साक्षी जैन, डॉ. राहुल वर्मा, राजवीर मीणा और स्टाफ सदस्य विक्रम सिंह और सौम्या बारेठ मौजूद रहे।