मंदिर की जमीन पर अवैध कब्जा, हटवाने की मांग को लेकर पुजारी उपखंड कार्यालय में धरने पर बैठा
थानागाजी उपखंड कार्यालय परिसर में गणेश मंदिर के पुजारी दिनेश शर्मा अनशन पर बैठ गए हैं। वे मंदिर की माफी जमीन और शिखर पर हुए अवैध कब्जे को हटवाने की मांग कर रहे हैं। पुजारी का कहना है कि लंबे समय से न्याय न मिलने के कारण उन्होंने यह कदम उठाया है।
पुजारी दिनेश शर्मा ने गणेश जी की मूर्ति के साथ उपखंड कार्यालय में अपना अनशन शुरू किया है। उनका आरोप है कि स्वयंभू गणेश जी महाराज के मंदिर की माफी जमीन पर भूमि माफियाओं ने अवैध कब्जा कर निर्माण कर लिया है। इसके साथ ही, मंदिर परिसर पर भी अवैध कब्जा होने के कारण शिखर का निर्माण नहीं हो पा रहा है।
पंडित दिनेश शर्मा ने इस संबंध में कई बार अधिकारियों को अवगत कराया है, लेकिन उन्हें अब तक कोई न्याय नहीं मिला। उन्होंने कहा है कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं और न्याय नहीं मिलता, तब तक वे अपना अनशन समाप्त नहीं करेंगे।
इस मामले पर उपखंड अधिकारी सविता शर्मा ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने बताया कि मामले को गंभीरता से लिया जा रहा है और अतिक्रमणकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।