गश्त के दौरान सिपाही पर जानलेवा हमला, हालत नाजुक; आरोपी हिरासत में पूछताछ जारी
अमरोहा (शशि जायसवाल) उत्तर प्रदेश के अमरोहा में होली पर्व से पहले सुरक्षा व्यवस्था के तहत गश्त कर रहे एक सिपाही पर युवक ने गडासे से हमला कर दिया। हमले में सिपाही राहुल गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से हालत नाजुक होने पर हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है।
घटना बीती देर रात अमरोहा नगर के मोहल्ला छेवड़ा के पास हुई। गश्त पर निकले सिपाही राहुल पर युवक ने धारदार हथियार से अचानक हमला कर दिया, जिससे उनके कंधे और कान पर गंभीर चोटें आईं। वारदात के बाद आसपास मौजूद लोगों ने साहस दिखाते हुए आरोपी युवक को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक अमित कुमार आनंद भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। आरोपी को हिरासत में लेकर कोतवाली में पूछताछ की जा रही है।
वहीं, सीओ सिटी अभिषेक यादव ने बताया कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है। आरोपी ने हमला क्यों किया, इसके पीछे क्या वजह है, इसकी गहन पड़ताल की जा रही है। उन्होंने कहा कि जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल आरोपी पुलिस हिरासत में है।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि आरोपी युवक अपना नाम तक नहीं बता रहा है और प्रथम दृष्टया मानसिक रूप से अस्वस्थ प्रतीत हो रहा है। फिलहाल हमले के पीछे का स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है।