राशन कोटेदारों ने सरकार से की कमीशन बढ़ाने और समय पर भुगतान की मांग
गोरखपुर (शशि जायसवाल): जिले के राशन कोटेदारों ने मंगलवार को मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन आयुक्त और जिलाधिकारी को सौंपा। कोटेदारों ने कहा कि पांच महीने से उनका कमीशन नहीं मिला है, जिससे उनके परिवारों के सामने भुखमरी की स्थिति उत्पन्न हो गई है।
कोटेदारों ने मांग की है कि उन्हें अन्य प्रदेशों की तरह कमीशन दिया जाए, समय पर कमीशन भुगतान किया जाए, डोर स्टेप डिलीवरी में गुणवत्ता युक्त खाद्यान्न पहुंचाया जाए, और पेपरलेस व्यवस्था लागू की जाए। इसके अलावा, उन्होंने संचालकों के खाते में कमीशन का भुगतान करने और एमडीएम व आईसीडीएस के खाद्यान्न पर कमीशन देने की भी मांग की है।
क्या है मांगें?
- - कमीशन बढ़ोतरी: उत्तर प्रदेश में कोटेदारों को वर्तमान में खाद्यान्न पर 90 रुपये प्रति कुंतल और चीनी पर 70 रुपये प्रति कुंतल का कमीशन मिलता है, जबकि अन्य प्रदेशों जैसे हरियाणा, गोवा और दिल्ली में 200 रुपये प्रति कुंतल का कमीशन दिया जाता है।
- - समय पर कमीशन भुगतान: कोटेदारों ने कहा कि जो अल्प कमीशन सरकार द्वारा दिया जा रहा है, वह भी समय पर नहीं मिल रहा है।
- - डोर स्टेप डिलीवरी: कोटेदारों ने मांग की है कि शासनादेशानुसार डोर स्टेप डिलीवरी में गुणवत्ता युक्त खाद्यान्न कोटे की दुकान पर पहुंचाया जाए।
- - पेपरलेस व्यवस्था: कोटेदारों ने मांग की है कि राज्य सरकार द्वारा पेपरलेस का आदेश दिया जाए और वितरण अधिकारी व वितरण प्रमाण पत्र व स्टॉक रजिस्टर बंद किया जाए।
कोटेदारों की एकजुटता
प्रदर्शन के दौरान सैकड़ों की संख्या में कोटेदार लोग उपस्थित रहे, जिनमें प्रदेश उपाध्यक्ष कोटेदार संघ के राघवेंद्र मणि त्रिपाठी, जिला अध्यक्ष भागवत मिश्रा, जिला महासचिव संतोष कुमार गुप्त, महानगर अध्यक्ष विजय कुमार गुप्ता और अन्य प्रमुख लोग शामिल थे।


