जिला कलक्टर ने राजस्थान दिवस तैयारियों की समीक्षा बैठक राजस्थान दिवस के सभी कार्यक्रम उमंग एवं उत्साह के साथ मनायें-जिला कलक्टर
भरतपुर, (कौशलेन्द्र दत्तात्रेय) जिला कलक्टर कमर चौधरी ने कहा कि राजस्थान दिवस पर प्रस्तावित कार्यक्रमों को समारोहपूर्वक आयोजित कर सभी विभाग सक्रियता से भागीदारी निभाऐं। उन्होंने विभागवार उत्तरदायित्व प्रदान करते हुए अधिक से अधिक जनभागीदारी के लिए आमलोगों को प्रेरित करने के निर्देश दिए।
जिला कलक्टर शुक्रवार को कलक्ट्रेट सभागार में राजस्थान दिवस पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की तैयारियों की विभागवार समीक्षा करते हुए उपस्थित अधिकारियों को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि राजस्थान दिवस हम सभी के लिए गौरवमय दिवस है, इस अवसर पर आयोजित होने वाले सभी कार्यक्रमों को उमंग एवं उत्साह के साथ समारोहपूर्वक मनायें। सभी विभागों के अधिकारी कार्यक्रमों में भागीदारी निभाते हुए दिए गए दायित्वों को गुणवत्ता के साथ पूरे करें। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार के निर्देशों की पालना में इस बार सात दिवसीय कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की गई है। जिसमें अलग-अलग विभागों को कार्यक्रमों को अंतिम रूप देना है।
उन्होंने कहा कि 14 मार्च से जिलेभर में स्वच्छता सप्ताह का शुभारंभ किया जायेगा जिसके तहत शहरी क्षेत्रों में नगर निगम एवं नगर पालिकाएं, ग्रामीण क्षेत्रों में पंचायतीराज संस्थाएं निरंतर जन सहयोग से सफाई अभियान चलायें। उन्होंने सभी विभागों को भी इस दौरान कार्यालयों की साफ-सफाई के कार्य को सम्पादित करने के निर्देश दिए। उन्होने कहा कि 15 मार्च को ’विकसित राजस्थान रन’ का आयोजन किया जायेगा जिसके तहत जिला मुख्यालय पर कलक्ट्रेट से लेकर मुख्य बाजार होकर किला स्थित किशोरी प्लाजा तक दौड़ का आयोजन किया जायेगा जिसमें आमजन, खिलाड़ी, स्काउट, एनसीसी, एनएसएस एवं सभी विभागों के प्रतिनिधि भाग लेकर स्वस्थ्य होने का संदेश देगें।
उन्होंने इसी दिवस होने वाली डिजिटल क्विज, कॉलेजों में निबंध, भाषण, चित्रकारी प्रतियोगिताओं में अधिकाधिक युवाओं को भाग लेने के लिए प्रेरित करने के निर्देश दिए। उन्होंने शास्त्री पार्क में स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए उत्पाद मेला एवं प्रदर्शनी आयोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने 16 मार्च को राज्य स्तरीय कार्यक्रम जनजाति गौरव दिवस, 17 को युवा शक्ति दिवस का वर्चुअल माध्यम से कलक्ट्रेट सभागार में लाइव प्रसारण करने एवं संबन्धित प्रतिभागियों को बुलाने के निर्देश दिए।
जिला कलक्टर ने कहा कि 18 मार्च को राज्य स्तरीय किसान एवं पशुपालक समृद्धि दिवस का समारोह भरतपुर में पुलिस परेड़ ग्राउंड में आयोजित किया जायेगा, जिसमें माननीय मुख्यमंत्री किसानों, पशुपालकों से संवाद करेगें। उन्होंने समारोह में आने वाले किसानों, पशुपालकों एवं विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को चिन्हित करने एवं आवागमन, भोजन आदि व्यवस्थाऐं गुणवत्तापूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि सरकार के निर्देशानुसार इसी दिवस सभी मन्दिरों में विशेष आरती का आयोजन किया जाकर देश-प्रदेश की उन्नति की कामना की जायेगी जिसके लिए आवश्यक तैयारियां देवस्थान विभाग समय पर पूरी करें। उन्होंने बताया कि 19 मार्च को लोहगढ़ किला स्थित किशोरी प्लाजा पर भव्य सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया जायेगा, जिसमें राजस्थान के लोक कलाकार प्रस्तुति देगेें। उन्होंने पर्यटन विभाग को भव्य कार्यक्रम आयोजित करने एवं नगर निगम को रोशनी आदि व्यवस्थाऐं समय पर करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर आयुक्त बीडीए कनिष्क कटारिया, मुख्य कार्यकारी अधिकारी मृदुलसिंह, अतिरिक्त कलक्टर प्रशासन घनश्याम शर्मा, सिटी राहुल सैनी, डीएफओ घना चेतन कुमार बीवी सहित सभी विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।