मकराना पुलिस की बड़ी कार्रवाई: जुआरी और नशा तस्करों सहित 7 गिरफ्तार, भारी मात्रा में नकदी और ड्रग्स बरामद
मकराना (मोहम्मद शहजाद)। जिला पुलिस अधीक्षक श्रीमती ऋचा तोमर (IPS) के निर्देशन में डीडवाना-कुचामन पुलिस ने अपराधों की रोकथाम हेतु चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। मकराना थाना पुलिस ने अलग-अलग कार्रवाइयों में जुआ खेलते 5 लोगों को दबोचा, अवैध मादक पदार्थों के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया और एक फरार आरोपी को भी गिरफ्त में लिया है। ताश के पत्तों पर दांव लगाते 5 जुआरी गिरफ्तार, पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर निर्माणाधीन सरकारी अस्पताल के पास दबिश दी, जहाँ ताश के पत्तों पर जुआ खेल रहे 5 व्यक्तियों को पकड़ा गया।
पुलिस ने इनके कब्जे से ₹36,040 की जुआ राशि बरामद की है। गिरफ्तार आरोपियों में अरबाज पुत्र गुल्लू शाह, हसन पुत्र अब्दुल सत्तार, जाकीर हुसैन पुत्र मो. अहसान, खिस्मत अली और मो. फिरोज शामिल हैं। अवैध मादक पदार्थ बरामद, गश्त के दौरान पुलिस ने प्रेम कुमार सांसी निवासी सांसी बस्ती मकराना को संदिग्ध अवस्था में रोककर तलाशी ली। आरोपी के पास से 264 ग्राम गांजा और 9 ग्राम एमड़ीएमए बरामद किया गया। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। चाची पर कार चढ़ाने वाला आरोपी गिरफ्तार, ग्राम मनाना में पारिवारिक विवाद के चलते अपनी ही चाची पर स्विफ्ट कार चढ़ाकर उन्हें घायल करने वाले आरोपी लोकेन्द्र सिंह उर्फ राहुल को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। यह मामला बीते कुछ दिनों से चर्चा में था, जिस पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की। ध्वनि प्रदूषण पर लगाम, सार्वजनिक शांति भंग करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुलिस ने राजकीय उप जिला अस्पताल के सामने तेज आवाज में टेप-स्पीकर बजाने पर आरोपी रूकेश पुत्र बुद्धाराम सांसी को पकड़ा और उसका संगीत सिस्टम (टेप मय स्पीकर) जब्त कर लिया।
इस पूरी कार्रवाई में मकराना थानाधिकारी श्रीमती गरिमा चौधरी के नेतृत्व में उप निरीक्षक बलबीर खान, मदन गोपाल, हेड कांस्टेबल राजेन्द्र सिंह, नेमीचन्द, अमरसिंह और कांस्टेबल रामदयाल, रवि कुमार, ओमप्रकाश सहित पूरी टीम का विशेष योगदान रहा।