खैरथल में शिक्षा मंदिर पर सवालः शिक्षक की पिटाई से प्रेप की छात्रा की आंख में लगी चोट
खैरथल (हीरालाल भूरानी) शहर के एक निजी विद्यालय में शिक्षक द्वारा छात्रा को मारने का मामला सामने आने के बाद शिक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। पीड़ित छात्रा के पिता ने पूरे मामले की लिखित शिकायत प्रशासन को देकर दोषी शिक्षक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। मिली जानकारी के अनुसार खैरथल के गैलेक्सी ग्रीन सिटी निवासी संदीप कुमार की बेटी नंदिका शहर के एंजल एकेडमी सीनियर सेकेंडरी स्कूल में प्रेप कक्षा में पढ़ती है। आरोप है कि 13 मार्च 2026 को स्कूल के एक शिक्षक/शिक्षिका ने छात्रा को मारा, जिससे उसकी आंख में चोट लग गई। घटना के बाद बच्ची को शारीरिक के साथ-साथ मानसिक परेशानी भी झेलनी पड़ी। इस संबंध में संदीप कुमार स्कूल व्यवस्थापिका ज्योति आड़तानी से मिला तो उसने भी मेरे साथ दुर्व्यवहार किया।
पीड़ित पिता संदीप कुमार का कहना है कि माता-पिता अपने बच्चों को स्कूल इसलिए भेजते हैं कि वे पढ़-लिखकर अपने भविष्य को संवार सकें, लेकिन अगर स्कूल में ही बच्चों के साथ मारपीट की घटनाएं होंगी तो यह बेहद चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि 'बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ' का संदेश तभी सार्थक होगा जब स्कूलों में बेटियां पूरी तरह सुरक्षित होंगी। पीड़ित परिवार ने प्रशासन से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी शिक्षक या शिक्षिका के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए और यह सुनिश्चित किया जाए कि भविष्य में किसी भी बच्चे के साथ इस तरह की घटना दोबारा न हो। फिलहाल इस घटना को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल है और अभिभावकों में बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। अब सबकी नजर प्रशासन की जांच और कार्रवाई पर टिकी हुई है।