रामगढ़ में टायर फटने से ट्रक पलटा, ड्राइवर सुरक्षित: बगड़ मेव घाटी में घुमाव पर हुआ अनियंत्रित
अलवर जिले के रामगढ़ क्षेत्र की बगड़ मेव घाटी में बुधवार सुबह एक ट्रक पलट गया। जयपुर से रामगढ़ की ओर आ रहा चद्दर से भरा यह ट्रक सुबह करीब 5 बजे घाटी के तेज घुमाव पर अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में ट्रक चालक शाहरुख बाल-बाल बच गया।
बताया जा रहा है कि घाटी के खतरनाक मोड़ पर ट्रक का टायर फट गया। इसके कारण चालक अपना संतुलन खो बैठा और ट्रक सड़क किनारे पलट गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई, हालांकि कोई जनहानि नहीं हुई।
स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, बगड़ मेव घाटी का यह मोड़ "मौत का मोड़" बन चुका है। यहां आए दिन वाहन पलटने की घटनाएं होती रहती हैं, जिनमें कई लोग अपनी जान गंवा चुके हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि प्रशासन या सरकार ने अब तक इस समस्या पर कोई ठोस कदम नहीं उठाया है।
ग्रामीणों ने बताया कि वे इस खतरनाक मोड़ को लेकर कई बार संबंधित अधिकारियों को ज्ञापन दे चुके हैं, लेकिन स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ है। उन्होंने मांग की है कि भविष्य में ऐसे हादसों को रोकने के लिए यहां स्पीड ब्रेकर, चेतावनी बोर्ड, रेलिंग या सड़क चौड़ीकरण जैसे सुरक्षा उपाय किए जाएं। हादसे के बाद सुबह करीब 11 बजे क्रेन बुलाकर पलटे हुए ट्रक को सीधा करने का काम शुरू किया गया।