महुवा में भाजपा का 47वां स्थापना दिवस समारोहपूर्वक संपन्न; कार्यकर्ताओं ने लिया राष्ट्र सेवा का संकल्प
महुवा (अवधेश अवस्थी): महुवा उपखंड मुख्यालय पर सोमवार को भारतीय जनता पार्टी मंडल महुवा शहर द्वारा भाजपा का 47वां स्थापना दिवस धूमधाम से मनाया गया। स्थानीय अंबेडकर भवन में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने शिरकत की।
- महापुरुषों को दी पुष्पांजलि
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष एडवोकेट टीकम सिंह गुर्जर ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी, पं. दीनदयाल उपाध्याय एवं भारत माता के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर और पुष्पांजलि अर्पित कर समारोह का विधिवत शुभारंभ किया।
- विचारधारा और अंत्योदय पर बल
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि टीकम सिंह गुर्जर ने कहा कि भाजपा का स्थापना दिवस राष्ट्र सेवा, सुशासन और अंत्योदय के संकल्पों के प्रति हमारी प्रतिबद्धता का प्रतीक है। उन्होंने कहा, "47 वर्षों की इस यात्रा में कार्यकर्ताओं के अथक परिश्रम, अनुशासन और सांगठनिक निष्ठा के दम पर ही भाजपा आज विश्व का सबसे बड़ा राजनीतिक संगठन बना है।" वक्ताओं ने पार्टी की रीति-नीति और वैचारिक पृष्ठभूमि से भी कार्यकर्ताओं को अवगत कराया।
- इनकी रही उपस्थिति
भाजपा शहर महामंत्री श्यामसुन्दर सारवान ने बताया कि इस गौरवशाली अवसर पर पूर्व जिलाध्यक्ष टीकम सिंह गुर्जर के साथ रामचन गुप्ता, विजय सिंह चौहान, नेमीचंद अग्रवाल, वेद गुप्ता, अवधेश, गोविंद सैन, दामोदर साहू, नरेंद्र शर्मा, हरिश्चंद्र सैनी, राहुल सैनी, अरविंद पालीवाल, हरचन्द कोली, नंदकिशोर शर्मा, लोकेश महावर, रोहित शर्मा और केशव सहित सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर संगठन को और अधिक मजबूत बनाने तथा केंद्र व राज्य सरकार की जनहितकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुँचाने का संकल्प लिया।


