रामगढ़ पुलिस ने साइबर ठगी के मामले में की कार्रवाई: साइबर ठगों को 'म्यूल अकाउंट' सप्लाई करने वाला आरोपी गिरफ्तार, मोबाइल और सिम कार्ड बरामद
रामगढ़ (अलवर) जिला पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में साइबर अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान “साइबर संग्राम 2.0” के तहत रामगढ़ थाना पुलिस ने एक महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। पुलिस ने साइबर ठगी के नेटवर्क में अहम भूमिका निभाने वाले आरोपी वाहिल खान को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से मोबाइल और सिम कार्ड बरामद किए हैं।
थानाधिकारी अजीत बड़सरा के नेतृत्व में गठित टीम ने मुखबिर की सटीक सूचना पर कार्रवाई करते हुए आरोपी वाहिल खान (पुत्र हनीफ खान), निवासी गुगडोद, थाना बगड़ तिराहा को दबोचा। पुलिस ने आरोपी के पास से एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन और दो सिम कार्ड जब्त किए हैं, जिनमें साइबर ठगी से जुड़े कई संदिग्ध साक्ष्य मिले हैं।
थानाधिकारी अजीत बड़सरा ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी साइबर अपराधियों के गिरोह के लिए “म्यूल अकाउंट” (Mule Account) उपलब्ध कराने का काम करता था।
-
आरोपी फर्जी दस्तावेजों या अन्य लोगों को लालच देकर उनके नाम से बैंक खाते खुलवाता था।, साइबर ठगी की अवैध राशि इन्हीं खातों में मंगवाई जाती थी।, इसके बाद वाहिल खान उस रकम को निकालकर मुख्य अपराधियों तक पहुँचाता था, जिसके बदले वह अपना कमीशन लेता था।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आईटी एक्ट (IT Act) की विभिन्न सुसंगत धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस प्रशासन का कहना है कि आरोपी से गहन पूछताछ की जा रही है, जिससे इस नेटवर्क से जुड़े अन्य बड़े साइबर अपराधियों के नामों का खुलासा होने की प्रबल संभावना है।
पुलिस की अपील: रामगढ़ पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वे किसी भी अज्ञात व्यक्ति को अपना बैंक खाता, आधार कार्ड या ओटीपी साझा न करें, क्योंकि आपके खाते का उपयोग साइबर ठगी की रकम छिपाने के लिए किया जा सकता है।


