तखतगढ़ पुलिस की बड़ी सफलता: शातिर नकबजन और अवैध हथियार सप्लायर गिरफ्तार; बंद मकान से चुराए थे लाखों रुपए
तखतगढ़ (बरकत खान) पाली जिला पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे धरपकड़ अभियान के तहत तखतगढ़ थाना पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने एक शातिर अंतर्राज्यीय चोर और एक अवैध हथियार सप्लायर को गिरफ्तार किया है।
मामला 1: बंद मकान में लाखों की चोरी का खुलासा
तखतगढ़ थानाधिकारी (SHO) शैतानसिंह ने बताया कि प्रार्थी भरत प्रजापत ने 22 जनवरी को गौरव पथ रोड स्थित अपने मकान में हुई लाखों की चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने मुखबिर तंत्र और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से दिनेश पुत्र गणेशाराम (निवासी सामूजा, जालौर) को हिरासत में लिया।
-
अपराधिक रिकॉर्ड: पूछताछ में आरोपी ने चोरी की वारदात स्वीकार की है। आरोपी दिनेश एक शातिर नकबजन है, जिसके खिलाफ पूर्व में चोरी और नकबजनी के 19 मामले दर्ज हैं। पुलिस अब रिमांड के दौरान चोरी किए गए गहने और नकदी बरामद करने का प्रयास करेगी।
मामला 2: अवैध हथियार सप्लायर की गिरफ्तारी
हथियार तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुलिस ने विनोद कुमार पुत्र अचलाराम (निवासी चाणोद) को गिरफ्तार किया है।
-
साजिश का पर्दाफाश: पूर्व में अवैध हथियार के साथ पकड़े गए आरोपी संजय कुमार ने पूछताछ में खुलासा किया था कि उसे हथियार विनोद कुमार ने उपलब्ध कराए थे। इस सूचना पर पुलिस ने टीम गठित कर आरोपी विनोद को दबोच लिया।
थानाधिकारी शैतानसिंह के नेतृत्व में टीम द्वारा दोनों आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है, जिससे क्षेत्र में सक्रिय अन्य अपराधियों और चोरी के नेटवर्क का खुलासा होने की संभावना है।


