शिव मंदिर पर पांच कुण्डीय गायत्री यज्ञ का भव्य आयोजन
राजगढ़ (अलवर/ अनिल गुप्ता) कस्बे के पुराने आबकारी कार्यालय के सामने स्थित शिव मंदिर में गुरुवार को गायत्री शक्तिपीठ राजगढ़ के तत्वावधान में पांच कुण्डीय गायत्री यज्ञ का भव्य आयोजन किया गया। यज्ञ में क्षेत्र के अनेक श्रद्धालुओं ने भाग लेकर आहुतियां अर्पित कीं तथा वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
गायत्री शक्तिपीठ की मुख्य ट्रस्टी मीना खण्डेलवाल ने बताया कि गुरुदेव पंडित श्रीराम शर्मा आचार्य के संदेश “मनुष्य में देवत्व का उदय एवं धरती पर स्वर्ग का अवतरण” को साकार करने के उद्देश्य से घर-घर यज्ञ के माध्यम से जनजागरण अभियान चलाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि इसी क्रम में शक्तिपीठ के परिजन आगामी दिनों में प्रत्येक वार्ड, गली एवं मोहल्लों में पहुंचकर हवन-यज्ञ करवाएंगे और लोगों को नैतिक एवं आध्यात्मिक मूल्यों से जोड़ने का कार्य करेंगे। यज्ञ के दौरान श्रद्धालुओं ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच आहुति दी और समाज में सुख-समृद्धि, शांति एवं सद्भाव की कामना की। इस अवसर पर रेखा विजय, प्रीति विजय, विशाल विजय, कृष्णा, किरण सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

