महुवा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: घर में घुसकर जानलेवा हमला व तोड़फोड़ करने वाला मुख्य आरोपी गिरफ्तार
महुवा (दौसा/ अवधेश अवस्थी)। जिला पुलिस अधीक्षक सागर राणा के निर्देशन में महुवा थाना पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घर में घुसकर तोड़फोड़ करने और जान से मारने की धमकी देने के मामले में फरार मुख्य आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। गिरफ्तार आरोपी मानसिंह उर्फ मोगी एक आदतन अपराधी है, जिसके विरुद्ध हत्या के प्रयास और लूट जैसे कई गंभीर मामले दर्ज हैं।
थानाधिकारी राजेंद्र कुमार मीणा ने बताया कि बीती 24 मार्च 2026 की रात आरोपी मानसिंह उर्फ मोगी (पुत्र करतार सिंह गुर्जर, निवासी भापुर) ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर एक परिवार के घर में जबरन प्रवेश किया। आरोपियों ने वहां जमकर तोड़फोड़ की और परिवार के सदस्यों को जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज कर पुलिस सरगर्मी से आरोपियों की तलाश कर रही थी।
पुलिस जांच में सामने आया है कि 27 वर्षीय आरोपी मानसिंह उर्फ मोगी क्षेत्र का शातिर बदमाश है। इसके विरुद्ध विभिन्न थानों में करीब 10 गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें मुख्य रूप से हत्या का प्रयास (307 IPC), लूट एवं अपहरण, अवैध हथियार (आर्म्स एक्ट), मादक पदार्थ तस्करी (NDPS) एवं मारपीट शामिल हैं।
यह कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं वृत्ताधिकारी (CO) मनोहर लाल मीणा के सुपरविजन में गठित विशेष टीम द्वारा की गई। टीम ने तकनीकी विश्लेषण और मुखबिर की सूचना पर सटीक दबिश देकर आरोपी को दबोचा। पुलिस टीम में थानाधिकारी राजेंद्र कुमार मीणा सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।
पुलिस द्वारा आरोपी से पूछताछ की जा रही है ताकि घटना में शामिल उसके अन्य फरार साथियों को भी जल्द गिरफ्तार किया जा सके। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में भय का माहौल पैदा करने वाले अपराधियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।


