अपना घर सेवा समिति और महात्मा गांधी अस्पताल के संयुक्त तत्वावधान में कल रविवार को महुवा में लगेगा निःशुल्क विशाल चिकित्सा शिविर
महुवा (अवधेश अवस्थी) 'पीड़ित सेवा ही ईश्वर सेवा' के संकल्प के साथ कार्यरत अपना घर सेवा समिति, महुवा एवं महात्मा गांधी अस्पताल, जयपुर के संयुक्त तत्वावधान में रविवार, 12 अप्रैल को एक दिवसीय विशाल निःशुल्क चिकित्सा परामर्श एवं जाँच शिविर का आयोजन किया जाएगा। यह शिविर महुवा उपखंड मुख्यालय पर पुरानी तहसील के पास स्थित अग्रवाल सेवा सदन में आयोजित होगा।
शिविर का शुभारंभ प्रातः 9:00 बजे क्षेत्रीय विधायक राजेंद्र मीणा द्वारा किया जाएगा। परामर्श सेवाएँ दोपहर 2:00 बजे तक जारी रहेंगी। समिति के मीडिया प्रभारी अवधेश अवस्थी ने बताया कि शिविर में महात्मा गाँधी अस्पताल, जयपुर के अनुभवी विशेषज्ञों सहित सेठ रामस्वरूप अग्रवाल लाइंस आई हॉस्पिटल मंडावर की टीम अपनी सेवाएँ देगी। शिविर में निम्नलिखित रोगों के विशेषज्ञ उपलब्ध रहेंगे:
-
हड्डी एवं जोड़ रोग: डॉ. दीपक सैनी (वरिष्ठ सर्जन)
-
फिजियोथैरेपी: डॉ. मोनू कुमार सैनी एवं डॉ. अजय बावलिया
-
अन्य विभाग: किडनी एवं मूत्र रोग, मेडिसिन, ईएनटी (नाक-कान-गला), नेत्र रोग, शिशु एवं बाल रोग तथा स्त्री व प्रसूति रोग विशेषज्ञ।
-
आयुर्वेद: पतंजलि योगपीठ के पूर्व वरिष्ठ चिकित्सक द्वारा आयुर्वेदिक पद्धति से उपचार।
शिविर के दौरान मरीजों की ब्लड प्रेशर (BP), ब्लड शुगर और ईसीजी (ECG) जैसी महत्वपूर्ण जाँचें पूरी तरह निःशुल्क की जाएंगी। इसके साथ ही डॉक्टर के परामर्श अनुसार जरूरतमंद मरीजों को दवाइयां भी मुफ्त वितरित की जाएंगी।
अपना घर सेवा समिति के अध्यक्ष नेमीचंद अग्रवाल ने क्षेत्र के अधिक से अधिक लोगों से अपील की है कि वे इस शिविर में पहुँचकर विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाओं का लाभ उठाएं। इस अवसर पर समिति के संरक्षक गणेश गोयल, सचिव बृजबल्लभ अग्रवाल, कोषाध्यक्ष बलवीर सैनी, महिला समिति अध्यक्ष अंजू गोयल सहित समिति के सभी पदाधिकारी और सदस्य व्यवस्थाओं को सुचारू बनाने के लिए उपस्थित रहेंगे।


