कठूमर की पिंकी सैनी ने बजट क्विज में रखे विचार, युवाओं के सुझावों को बजट में शामिल करने पर जोर
कठूमर (दिनेश लेखी) जयपुर स्थित राजस्थान इंटरनेशनल सेंटर में 13 अप्रैल को आयोजित बजट क्विज कार्यक्रम में कठूमर उपखंड क्षेत्र गांव सिटाहेडा की प्रतिभाशाली युवा पिंकी सैनी ने अपने विचार प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किए। इस कार्यक्रम में प्रदेशभर से चयनित युवाओं ने भाग लेकर बजट से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर अपने सुझाव साझा किए।
कार्यक्रम में केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री मनसुख मंडाविया वर्चुअल माध्यम से जुड़े। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि भारत के युवा देश की सबसे बड़ी ताकत हैं और उनके विचारों को नीति निर्माण में शामिल करना समय की आवश्यकता है। उन्होंने युवाओं को राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर राजस्थान सरकार के कई वरिष्ठ मंत्री भी मौजूद रहे। इनमें कैबिनेट मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौड़, किरोड़ी लाल मीणा, उपमुख्यमंत्री प्रेम चंद बैरवा और दीया कुमारी शामिल रहे। सभी मंत्रियों ने युवाओं के साथ संवाद करते हुए उनके विचारों को गंभीरता से सुना।
मुख्यमंत्री ने भी प्रतिभागियों से संवाद करते हुए कहा कि राज्य सरकार युवाओं के सुझावों को प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने आश्वासन दिया कि आगामी बजट में इन सुझावों को शामिल करने का प्रयास किया जाएगा, ताकि योजनाएं अधिक प्रभावी और जनहितकारी बन सकें।
कार्यक्रम के दौरान अवनी जैन, पलक खंडेलवाल और पिंकी सैनी ने शिक्षा, रोजगार, स्टार्टअप, कौशल विकास और ग्रामीण युवाओं के लिए अवसर जैसे महत्वपूर्ण विषयों को प्रमुखता से उठाया। प्रतिभागियों ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन युवाओं को अपनी बात सीधे सरकार तक पहुंचाने का सशक्त मंच प्रदान करते हैं।
उन्होंने यह भी बताया कि युवाओं के सुझावों को बजट में शामिल करने से देश और प्रदेश के विकास को नई दिशा मिलेगी। कार्यक्रम में विभिन्न जिलों से आए युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपने-अपने क्षेत्र की समस्याओं और संभावनाओं को सामने रखा।
इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य युवाओं को बजट प्रक्रिया से जोड़ना और उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना रहा। यह कार्यक्रम युवाओं और सरकार के बीच सशक्त संवाद का माध्यम बना, जिसमें भविष्य में युवाओं के विचारों को प्राथमिकता देने का स्पष्ट संदेश दिया गया।


