पुलिस अभद्रता के विरोध में मकराना बार संघ ने किया कार्य का बहिष्कार
मकराना (मोहम्मद शहजाद)। डीडवाना में पुलिस अधिकारी द्वारा अधिवक्ता के साथ किए गए अभद्र व्यवहार का मामला गरमाता जा रहा है। जिला बार संघ डीडवाना के समर्थन में अभिभाषक संघ, मकराना ने भी कड़ा रुख अपनाते हुए बुधवार 15 अप्रैल और शुक्रवार 17 अप्रैल को पूर्णतः कार्य स्थगन रखा। शुक्रवार को मकराना बार संघ के अध्यक्ष शेख अकबर अली एवं पूर्व अध्यक्ष देवी सिंह बीका की अध्यक्षता में एक आवश्यक बैठक आयोजित की गई। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि जब तक डीडवाना पुलिस प्रशासन और बार संघ के बीच समझौता नहीं होता, तब तक विरोध जारी रहेगा। इसी क्रम में आज मकराना की सभी अदालतों में न्यायिक कार्य पूरी तरह स्थगित रहा, जिससे न्यायालयों में सन्नाटा पसरा रहा।
अभिभाषक संघ के अनुसार, डीडवाना के एक अधिवक्ता के साथ पुलिस अधिकारी राजेंद्र कमांडो द्वारा कथित तौर पर अभद्र व्यवहार किया गया था। इस घटना के विरोध में और डीडवाना बार संघ के प्रति एकजुटता दिखाते हुए मकराना के वकीलों ने दो दिवसीय कार्य स्थगन का निर्णय लिया। इस अवसर पर मकराना बार संघ की कार्यकारिणी के सदस्य एवं वरिष्ठ अधिवक्ता उपस्थित रहे, जिनमें मुख्य रूप से अध्यक्ष शेख अकबर अली, पूर्व अध्यक्ष देवी सिंह बीका, संरक्षक गणपतलाल टांक, भंवरा राम डूडी, मो. उमर, उपाध्यक्ष विजयसिंह राजपुरोहित, सचिव मो. शरीफ चौधरी, महासचिव सिकन्दर खान, कोषाध्यक्ष साजिद खान, अन्य सदस्य सगीर अहमद, दिलीप सिंह राठौड़, पेनल अधिवक्ता तलत हुसैन हनीफी और गिरधारी ओगरा।
अधिवक्ताओं ने स्पष्ट किया कि न्याय के प्रहरी के साथ इस प्रकार का दुर्व्यवहार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और भविष्य की रणनीति डीडवाना बार संघ के निर्देशों के अनुसार तय की जाएगी।


