मकराना: भाजपा शहर मंडल महामंत्री नरेंद्र सिंह चौहान ने दिया इस्तीफा
मकराना (मोहम्मद शहजाद)। भारतीय जनता पार्टी के शहर मंडल महामंत्री नरेंद्र सिंह चौहान (राजू बना) ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने अपना त्यागपत्र प्रदेश अध्यक्ष, जिलाध्यक्ष और मंडल अध्यक्ष को भेज दिया है। चौहान ने अपने इस्तीफे में स्पष्ट किया है कि वर्तमान में उनका निवास और कार्यक्षेत्र जयपुर होने के कारण वे मकराना में संगठन की जिम्मेदारियों का पूर्ण रूप से निर्वहन करने में असमर्थ महसूस कर रहे थे। अत्यधिक व्यस्तता और समय के अभाव के चलते उन्होंने स्वेच्छा से मंडल महामंत्री पद छोड़ने का निर्णय लिया है। पद छोड़ने के साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि वे भारतीय जनता पार्टी के एक समर्पित कार्यकर्ता बने रहेंगे और पार्टी की विचारधारा व संगठन की मजबूती के लिए भविष्य में भी निरंतर कार्य करते रहेंगे।


