ग्राम रथ अभियान से 13 विभागों की योजनाएं घर-आंगन तक पहुंचेंगी, कोई पात्र वंचित नहीं रहेगा - जवाहर सिंह बेढ़म

Apr 28, 2026 - 20:33
 0
ग्राम रथ अभियान से 13 विभागों की योजनाएं घर-आंगन तक पहुंचेंगी, कोई पात्र वंचित नहीं रहेगा - जवाहर सिंह बेढ़म

डीग (नीरज जैन) गृह, गोपालन, पशुपालन, डेयरी एवं मत्स्य विभाग के राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म ने कहा कि प्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के विजन के अनुरूप “विकसित राजस्थान” का सपना तभी साकार होगा, जब गांव और वार्ड पूरी तरह विकसित होंगे। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति तक पहुंचाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसी उद्देश्य से डीग जिले में ग्राम रथ अभियान की शुरुआत की गई है। यह बात मंगलवार को डीग में गृह राज्य मंत्री बेढम ने ग्राम रथ यात्रा का शुभारंभ करते हुए कही।
गृह राज्य मंत्री ने कहा कि इस अभियान के माध्यम से 13 विभागों की विभिन्न योजनाओं की जानकारी सीधे ग्रामीणों के घर-आंगन तक पहुंचेगी, जिससे कोई भी पात्र व्यक्ति योजनाओं से वंचित नहीं रहेगा। उन्होंने किसानों के सशक्तिकरण पर जोर देते हुए कहा कि राज्य सरकार कृषि क्षेत्र में नवाचार और तकनीकी उन्नयन को बढ़ावा दे रही है। आगामी मई माह में आयोजित होने वाली ग्लोबल राजस्थान एग्रीटेक मीट का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा  कि यह आयोजन किसानों को आधुनिक तकनीकों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
डीग जिले में मंगलवार को ग्राम रथ अभियान का विधिवत शुभारंभ जिला कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित समारोह के साथ हुआ। इस अवसर पर गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म एवं जिला कलेक्टर मयंक मनीष ने एलईडी युक्त मोबाइल वैन को हरी झंडी दिखाकर ग्रामीण क्षेत्रों के लिए रवाना किया।
जिला कलेक्टर मयंक मनीष ने बताया कि अभियान के तहत तीन रथ जिले के तीनों विधानसभा क्षेत्रों—डीग-कुम्हेर, कामां और नगर—में भ्रमण करेंगे। प्रत्येक रथ प्रतिदिन 4 से 5 ग्राम पंचायतों तक पहुंचेगा और आगामी 15 दिनों में जिले की सभी ग्राम पंचायतों को कवर किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस अभियान में कृषि, सहकारिता, पशुपालन सहित कुल 13 विभागों को जोड़ा गया है, जिनकी योजनाओं की जानकारी एलईडी स्क्रीन और प्रचार सामग्री के माध्यम से दी जाएगी।
अभियान को प्रभावी बनाने के लिए इसे ग्रामीण संस्कृति से भी जोड़ा गया है। प्रत्येक दिन के अंतिम पड़ाव पर संबंधित ग्राम पंचायत में संध्या चौपाल आयोजित की जाएगी, जिसमें कला जत्थों द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से योजनाओं की जानकारी दी जाएगी।
जिला कलेक्टर ने बताया कि अभियान की मॉनिटरिंग के लिए जिला स्तर पर अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी तथा ब्लॉक स्तर पर उपखंड अधिकारियों को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। ग्राम रथ के ठहराव के दौरान राजस्थान संपर्क पोर्टल पर लंबित परिवेदनाओं का मौके पर ही निस्तारण एवं सत्यापन किया जाएगा। साथ ही, भीषण गर्मी को ध्यान में रखते हुए प्रत्येक ग्राम पंचायत में पेयजल व्यवस्था की भी जांच सुनिश्चित की जाएगी।

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

एक्सप्रेस न्यूज़ डेस्क बुलंद आवाज के साथ निष्पक्ष व निर्भीक खबरे... आपको न्याय दिलाने के लिए आपकी आवाज बनेगी कलम की धार... आप भी अपने आस-पास घटित कोई भी सामाजिक घटना, राजनीतिक खबर हमे हमारी ई मेल आईडी GEXPRESSNEWS54@GMAIL.COM या वाट्सएप न 8094612000 पर भेज सकते है हम हर सम्भव प्रयास करेंगे आपकी खबर हमारे न्यूज पोर्टल पर साझा करें। हमारे चैनल GEXPRESSNEWS से जुड़े रहने के लिए धन्यवाद................