तसई ग्राम पंचायत में जनकल्याणकारी विकास रथ यात्रा पहुंची; ग्रामीणों ने पेयजल व बिजली समस्या को लेकर सुझाव पेटिका में डाले सुझाव
कठूमर (दिनेश लेखी) उपखंड क्षेत्र की ग्राम पंचायत तसई में राजस्थान सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार के तहत विकास रथ यात्रा पहुंची। इस दौरान सरपंच मुकेश सिंह चौहान के नेतृत्व में ग्रामीणों ने रथ के साथ रखी सुझाव पेटिका में अपनी समस्याएं और सुझाव दर्ज कराए।
रथ यात्रा के माध्यम से गांव-गांव एवं ढाणी-ढाणी तक सरकारी योजनाओं की जानकारी पहुंचाई जा रही है। तसई में आयोजित कार्यक्रम के दौरान एलईडी वैन और चलचित्रों के जरिए आमजन को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से अवगत कराया गया। साथ ही ग्रामीणों से उनकी समस्याएं जानने के लिए सुझाव पेटिका भी रखी गई। इस अवसर पर ग्राम पंचायत द्वारा दो प्रमुख समस्याओं को लेकर उच्चाधिकारियों को ज्ञापन भी भेजा गया।
पहले ज्ञापन में गांव में गहराते पेयजल संकट का उल्लेख करते हुए बताया गया कि मीठे पानी की भारी कमी के चलते ग्रामीणों को महंगे दामों पर टैंकरों से पानी खरीदना पड़ रहा है। एक टैंकर से सीमित परिवारों को ही पानी मिल पाता है, जिससे गरीब और बड़े परिवारों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। खराब पड़े आरओ प्लांट और जलदाय विभाग की लापरवाही को भी समस्या का कारण बताया गया।
वहीं दूसरे ज्ञापन में सिंगल फेज बिजली आपूर्ति को नियमित रूप से 24 घंटे चालू रखने की मांग उठाई गई। ग्रामीणों ने बताया कि वर्तमान में बिजली आपूर्ति सुचारू नहीं होने से गर्मी के मौसम में लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्राम पंचायत प्रशासक मुकेश सिंह चौहान ने बताया कि विकास रथ यात्रा के माध्यम से जहां एक ओर लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी मिल रही है, वहीं दूसरी ओर ग्रामीण अपनी समस्याएं सीधे सरकार तक पहुंचा रहे हैं। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि पेयजल और बिजली जैसी मूलभूत समस्याओं का शीघ्र समाधान किया जाए।
कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे और जनकल्याणकारी योजनाओं में रुचि दिखाते हुए अपने सुझाव दर्ज कराए।


